
दमोह। जिला अस्पताल में नवनिर्मित मॉड्यूलर ओटी के लोकार्पण समारोह में जूता पहनकर पूजन करने के मामले में केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल पर कांग्रेस ने उन पर कटाक्ष किया है।
आज जिला अस्पताल में केंद्रीय जल शक्ति एवं फूड प्रोसेसिंग राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल ने जूते पहनकर पूजा की। जिसके बाद उनकी कथनी और करनी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दरअसल श्री पटैल दमोह जिला चिकित्सालय में एचडीयू, पीआईसीयू एवं माड्यूलर ओटी का शुभारंभ करने पहुंचे थे। वहां पर उन्होंने पहले प्रत्येक यूनिट में पहुंचकर उपकरणों को देखा और बनाए गए कक्षों की सराहना की। उसके बाद उन्होंने पुरोहित की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नवनिर्मित मॉड्यूलर ओटी एवं अन्य कक्षों का पूजन कर लोकार्पण किया। लेकिन इस दौरान उन्होंने अपने पैर से जूते नहीं उतारे। वह पूरा पूजन जूता पहनकर ही करते रहे। ताज्जुब की बात यह है कि वहां पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी उन्हें एक बार भी जूता उतारने के लिए नहीं कहा। जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ तो कांग्रेस ने भी लगे हाथ तंज कस दिया। किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष नितिन मिश्रा ने सोशल मीडिया पर तुरंत ही श्री पटेल पर तंज कसते हुए कहा कि कम से कम नियमों का पालन तो करते। मर्यादा बनाकर रखते तो बेहतर होता। जूते पहनकर ही पूजन कर दिया। गौरतलब है कि इसके पूर्व भी श्री पटेल मरीज के परिजनों को दो चांटे खाने, उनकी पत्नी की चप्पल कार्यकर्ताओं से धोने तथा नवरात्रि पर्व पर बगैर हेलमेट के बाइक चलाने के मामले में वह सुर्खियों में रह चुके हैं। एक दिन पहले ही केंद्रीय मंत्री ने सरदार पटेल जयंती पर कहा था कि लोग आपको बातों से नहीं आपके चरित्र से पहचानेंगे।

More Stories
कांग्रेस विधायक के बिगड़े बोल, पीड़ित से ही बोले अब मैला खा लेना
हटा विधायक को नहीं पता राष्ट्रगान हिन्दी में लिखा या संस्कृत में
2 दिन पहले पति की मौत, आज कुएं में मिला पत्नी और बेटी का शव