मार्च 17, 2026

पूर्व पार्षद ने नपा कार्यालय के अंदर कर्मचारी से की मारपीट, पुलिस ने किया मामला दर्ज

https://photos.app.goo.gl/5D2aPgbkcmM34Mx7A

वीडियो देखने के लिए लिंक ओपन करें

दमोह। एक पूर्व पार्षद द्वारा प्रधानमंत्री आवास के मामले को लेकर एक कर्मचारी के साथ कार्यालय के अंदर बुरी तरह मारपीट कर दी गई। बाद में उत्तेजित कर्मचारियों ने कोतवाली पहुंच कर पूर्व पार्षद के विरुद्ध पुलिस प्राथमिकी दर्ज कराई है।
नगर पालिका कार्यालय के अंदर उस समय घमासान मच गया जब बजरिया वार्ड नंबर 1 के पूर्व पार्षद ने एक कर्मचारी के साथ सरेआम लात घूंसों से मारपीट कर दी। बताया जाता है कि बजरिया एक का पूर्व पार्षद कफील कुरैशी नगर पालिका ऑफिस पहुंचा तथा एक केबिन के अंदर पहुंचकर वहां पर फाइल लेकर अलट पलट करने लगा। जब कर्मचारी राहुल शर्मा ने फाइल हाथ से लेकर उसे वापस टेबल पर रख दिया और मामला कार्यालयीन बताकर फाइल दिखाने से इंकार कर दिया तो उत्तेजित पूर्व पार्षद ने राहुल शर्मा के साथ दफ्तर के अंदर ही बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान हल्ला सुनकर सीएमओ कार्यालय में पदस्थ भ्रत्य नन्नू प्रजापति ने आकर बीच बचाव करने की कोशिश की तो उसे भी धक्का दे दिया। इसी दौरान अन्य शाखाओं के कर्मचारी भी वहां पर आ गए और उन्होंने बीच-बचाव कर मामला शांत किया। हालांकि कर्मचारियों ने इस बात पर विरोध जताया कि किसी कर्मचारी के साथ मारपीट कार्यालय के अंदर गुंडागर्दी है। सभी कर्मचारियों ने इस बात की जब सीएमओ से शिकायत दर्ज कराई तो सी एम ओ निशिकांत शुक्ला ने पूर्व पार्षद को बुरी तरह फटकार लगाई। साथ ही पुलिस को भी मामले की सूचना दी। बाद में कर्मचारियों ने कोतवाली पहुंचकर शासकीय कार्य में बाधा डालने मारपीट तथा अन्य मुद्दों को लेकर पूर्व पार्षद के विरुद्ध एफ आई आर दर्ज कराई।
क्या था मामला
पूर्व पार्षद प्रधानमंत्री आवास को लेकर कर्मचारियों पर अनावश्यक दबाव बना रहा था साथ ही हितग्राहियों पर भी इस बात को लेकर दबाव बना रहा था कि वह सीएम हेल्पलाइन में की गई शिकायतों को बंद ना कराएं इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी।
शिकायत दर्ज कराई है
वहीं इस मामले में मुख्य नगरपालिका अधिकारी निशीकांत शुक्ला ने बताया कि जिन हितग्राहियों की समस्याएं हल हो गई हैं उन्होंने अपनी स्वेच्छा से सीएम हेल्पलाइन की शिकायते बंद करा दी हैं। लेकिन पूर्व पार्षद कफील कुरेशी हितग्राहियों को और कर्मचारियों को अनावश्यक धमका रहा था कि वह शिकायत वापस न लें। इसी बात को लेकर उसके द्वारा कर्मचारी के साथ गुंडागर्दी एवं मारपीट की गई है जो कि किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं है। सभी कर्मचारी एक परिवार की तरह हैं और उनके साथ यदि कोई भी इस तरह की गुंडागर्दी करेगा तो उसका सख्त प्रतिकार का मामला दर्ज कराया जाएगा। इस मामले में भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

Message Us on WhatsApp