July 17, 2026

सड़कों से घरों तक पहुंच जाता है कीचड़, नगरीय प्रशासन का ध्यान नहीं

पथरिया से मुकेश दुबे। नगर में भारी बारिश के कारण नगर के मुख्य मार्ग कीचड़ से सराबोर हो गए हैं। यही हाल ग्रामीण क्षेत्रों का भी है। जिससे राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। नगर की खस्ताहाल सड़कों और ड्रेनेज की व्यवस्था ना होने के कारण कीचड़ के कारण लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो रहा है। कुछ दिनों से जारी लगातार बारिश के कारण तमाम सड़क है कीचड़ से सन गई हैं। पथरिया में ऐसा कोई भी मार्ग ऐसा नहीं है जहा बारिश होने के बाद कीचड़ और दलदल न मचता हो।
एमपीआरडीसी द्वारा छह-सात वर्ष पूर्व सीसी रोड का निर्माण कराया गया था, लेकिन बरसाती पानी की निकासी के लिए रोड के दोनों तरफ नालियों का निर्माण भी आवश्यक रूप से कराना था मगर निर्माण ऐजेंसी द्वारा नालियों निर्माण नही कराया गया। जिसकी लिखित व मौखिक शिकायत उच्चाधिकारियों को समय समय पर नगर परिषद पथरिया के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल तिवारी द्वारा की गई। मगर इस संबंध में अधिकारियों ने कोई ध्यान तक नहीं दिया। नगर के विश्वनाथ मंदिर के समीप ही नाली न होने के कारण पूरे नगर का गंदे पानी का भराव होता है। जिस कारण मंदिर में दर्शनार्थ आने जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना आए दिन करना पड़ता है। वहीं मंदिर के समीप किराना व्यवसायी मनीष सिघई ने बताया कि भारी भरकम वाहनों के आवागमन के कारण रोड पर मचा कीचड़ मंदिर के अंदर तक पहुंच जाता है। जिसे बार बार साफ करना पड़ता हैं। प्रीतम दुबे ने बताया कि वह रोज मंदिर जाते हैं। कभी कभी तो कीचड़ के कारण पूरे कपड़े पूरे गंदे हो जाते हैं। जिससे भगवान के दर्शन बगैर ही वापस लौटना पड़ता है। संतोष जैन, विकास सोनी, दिलीप पटेल, विनय सोनी सोरू दुबे, संजय पटेल, महेश्वर दुबे, प्रभांशु दुबे आदि ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या से शीघ्र ही निजात दिलाए अन्यथा हमें उग्र आंदोलन करने मजबूर होना पड़ेगा।

Message Us on WhatsApp