मार्च 17, 2026

कसाईयों के कब्जे से 8 गौवंश को भगवती मानव कल्याण संगठन ने कराया मुक्त


जबेरा। दमोह जिले में लगातार गौवंश की तस्करी और चोरी रुकने का नाम नहीं ले रही है। सामाजिक संगठन अब पुलिस की भूमिका निभा रहे हैं। ऐसा ही मामला जबेरा में सामने आया है।
गौवंश की तस्करी किसी से छिपी नहीं है। यह तस्करी अब धीरे-धीरे ग्रामीण इलाकों में भी होने लगी है। जहां पर लोगों के पालतू मवेशी घरों के बाहर बंधे रहते हैं। ऐसे में तस्कर इन मवेशियों को चुरा कर ले जाते हैं। भगवती मानव कल्याण संगठन जबेरा इकाई के सदस्यों ने बीती रात 8 नग गायों को बचाया है। जब इन्हें यह जानकारी मिली कि कुछ कसाई गौवंश को तस्करी कर ले जा रहे हैं तब इन्होंने इन कसाई के वाहन का पीछा किया और रात्रि 3 बजे घटेरा रोड पर ग्राम बनवार की पुलिया के समीप टाटा पिकअप वाहन को घेर लिया। संगठन के सदस्यों को देखकर एक आरोपी वहां से फरार हो गया लेकिन एक आरोपी इन सदस्यों ने पकड़ लिया। जो जबलपुर निवासी साजिद खान है। संगठन के सदस्यों ने तुरंत इसकी सूचना बनवार चौकी प्रभारी शत्रुघ्न दुबे को दी जो तुरंत ही दल बल के साथ मौका स्थल पहुंच गए और गौवंश को मुक्त कराया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। संगठन के सदस्यों ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की घटनाएं रात्रि के समय अधिक होती हैं अगर किसी को भी इस तरह की सूचना प्राप्त हो तो तुरंत ही पुलिस या संगठन के सदस्यों को जानकारी दें जिससे ऐसे अवैध कृत्य करने वालों के खिलाफ कानूनी कारवाई हो सके।

Message Us on WhatsApp