
पथरिया से मुकेश दुबे। संयुक्त मोर्चा के बैनर तले हो रहे पंचायत कर्मियों के आंदोलन के बारहवें दिन सभी घटक दलों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने शासन के विरोध में एकत्रित होकर मटका फोड़कर उग्र प्रदर्शन किया।
मोर्चा के संयोजक जगदीश पटेल ने बताया कि हमारा मोर्चा पिछले बारह दिनों से अपनी जायज मांगों के निराकरण हेतु अनिश्चितकालीन धरने पर बैठा है। लेकिन इस कुंभकर्णी निद्रा में लीन सरकार द्वारा कोई भी सकारात्मक पहल नहीं की जा रही है। मोर्चा के सह संयोजक सुनील तिवारी ने बताया कि शासन यदि हमारी जायज मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं करता है तो हम अब शांत नहीं बैठेंगे और हमें आगामी समय में उग्र आंदोलन करने बाध्य होना पड़ेगा। मोर्चा के मानक पटेल ने कहा कि हम आंदोलन रत समस्त अधिकारी कर्मचारी सरकार विरोधी नहीं हैं। हमने कोविड 19 के दौरान सरकार के कंधे से कंधा मिलाकर अपनी जान की परवाह किए बगैर शासन के प्रत्येक आदेशों का पालन किया है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना ग्रसित मरीजों का पूर्ण सहयोग किया है।अतः अब शासन हमारी जायज मांगें मानने में विलंब क्यो कर रहा है। संयुक्त मोर्चा पथरिया जनपद के अध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि हमारे मोर्चा की अधिकतर मांगें अनार्थिक हैं। जिसे मानने में सरकार को कोई अतिरिक्त वित्तीय बोझ भी नहीं पड़ना है। यदि सरकार द्वारा हमारी मांगें मान ली जाती हैं तो ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की परेशानियों का भी निराकरण समय पर संभव हो सकेगा।

More Stories
कांग्रेस विधायक के बिगड़े बोल, पीड़ित से ही बोले अब मैला खा लेना
हटा विधायक को नहीं पता राष्ट्रगान हिन्दी में लिखा या संस्कृत में
2 दिन पहले पति की मौत, आज कुएं में मिला पत्नी और बेटी का शव