September 10, 2026

कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ महारूद्र महायज्ञ

पथरिया से मुकेश दुबे। पथरिया के ग्राम लखरौनी में श्री चौमुख धाम आश्रम में चातुर्मास को लेकर एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
स्वामी आत्मानंद सरस्वती महाराज की पावन सानिध्य में श्री महामृत्युंजय रूद्र महायज्ञ एवं चातुर्मास पर विभिन्न अनुष्ठानों का आयोजन आज से प्रारंभ हो गया। यज्ञ के पूर्व एक भव्य कलश यात्रा ग्राम लखरौनी के मुख्य मार्गों से निकाली गई जो ग्राम भ्रमण करती हुई श्री चौमुख नाथ आश्रम पहुंची। इसकी जानकारी देते हुए श्री महाराज ने बताया कि नित्य प्रातः 7 बजे से भगवान श्री चौमुख नाथ जी की आरती, तदुपरांत श्री रुद्राभिषेक और यज्ञ किया जाएगा। रुद्राभिषेक के नित्य के यजमान भी पहले से ही निर्धारित हो चुके हैं। प्रत्येक दिवस के अलग-अलग यजमान श्री रुद्राभिषेक करेंगे। यह आयोजन पिछले 14 वर्षों से लगातार चल रहा है। इस यज्ञ का मूल उद्देश्य है राष्ट्र का कल्याण, क्षेत्र के लोगों का कल्याण ,जल वृष्टि हो, समाज में व्याप्त रोग व्याधि के नाश एवं सबका कल्याण है। “सर्वे भवंतु सुखिनः सर्वे संतु निरामया सर्वे भद्राणि पश्यंतु मा कश्चित् दुख भाग भवेत् ” की भावना हर जन जन में व्याप्त हो जाए बस यही भावना इस यज्ञ में भगवान से की जाएगी। यज्ञ आयोजन समिति ने सभी धर्म प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थिती की अपील की है।

Message Us on WhatsApp