मार्च 17, 2026

ऑक्सीजन प्लांट दमोह पहुंचा, दो नंबर गेट तोड़कर बनाई जाएगी ट्राला पहुंचाने की जगह

दमोह। आखिरकार लंबे इंतजार की बाद ऑक्सीजन प्लांट दमोह पहुंच गया है। प्लांट को अस्पताल परिसर के अंदर ले जाने को लेकर दिक्कतें हैं जिन्हें दूर किया जा रहा है।
पुणे से करीब 1000 किलोमीटर का लंबा सफर तय कर आखिरकार 4 दिन बाद ऑक्सीजन प्लांट आज सुबह दमोह पहुंच गया है। प्लांट को इंस्टॉल करने के लिए कंपनी के इंजीनियर्स पहले ही दमोह आकर स्थल निरीक्षण कर चुके हैं। लेकिन इसे अस्पताल परिसर के अंदर ले जाने एवं उसे इंस्टॉल करने को लेकर कुछ दिक्कते हैं पेश आ रही हैं जिन्हें दूर किया जा रहा है। दरअसल एक लंबे ट्राला में 15 टन वजन का ऑक्सीजन प्लांट लाया गया है। लेकिन उसकी ऊंचाई अधिक होने के कारण वह गेट के अंदर नहीं जा पा रहा है। इसे देखते हुए यह तय किया गया है कि उपभोक्ता भंडार के सामने वाले दो नंबर गेट को तोड़कर ट्राला अंदर ले जाया जाएगा। इसके अलावा कई जगह बिजली के तार एवं केबल फैली हुई है। उन्हें बंद कर अलग करने का काम किया जा रहा है। एमपीईबी के मेंटिनेस इंजीनियर श्री चोपड़ा, सिविल सर्जन डॉक्टर ममता तिमोरी, पी आई यू के कार्यपालन यंत्री एसडी पटेल सहित तमाम अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। दो नंबर गेट को तोड़ने के बाद ट्राला को अस्पताल परिसर के अंदर प्रवेश कराया जाएगा प्लांट के भारी-भरकम सामान को उठाने के लिए दो क्रेन भी बुलाई गई हैं। बताया जाता है कि प्लांट 3 हिस्सों में बंटा हुआ है। जिसमें एक हिस्सा टैंक दूसरा हिस्सा सक्शन, कंप्रेसर, वेंटिलेशन एवं जेनरेटिंग का तथा तीसरा हिस्सा ऑपरेटिंग का है। अधिकारियों का कहना है कि शाम होने तक सभी बाधाओं को दूर कर प्लांट स्थापित कर दिया जाएगा।

Message Us on WhatsApp