मार्च 17, 2026

श्री बागेश्वर धाम के नाम पर ठगी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

दमोह। छतरपुर के गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम महाराज की फर्जी आईडी बनाकर लोगों से रुपए ऐंठने के मामले में शिष्य गणों ने एक शिकायत पुलिस अधीक्षक को की है। आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई की मांग की गई है।
छतरपुर में गढ़ा में स्थित श्री श्री 1008 बागेश्वर धाम के नाम से हिंडोरिया के एक युवक द्वारा फर्जी फेसबुक आईडी बनाने एवं लोगों से रुपए ऐंठने का मामला सामने आया है। मामला खुलने के बाद आक्रोशित शिष्यमंडल ने एक शिकायत आज दमोह पुलिस अधीक्षक डीआर तेनीवार से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। दमोह विधायक अजय टंडन की अगुवाई में शिष्यमंडल ने अपना ज्ञापन एसपी को सौंपा। जिसमें लेख किया गया है कि छतरपुर स्थित श्री बागेश्वर धाम हजारों लाखों शिष्य एवं आम जन की आस्था एवं विश्वास का केंद्र है। बागेश्वर धाम का संचालन धीरेंद्र कृष्ण महाराज द्वारा किया जाता है। लेकिन किसी की भी समस्या के निदान के लिए उनके द्वारा कभी कोई चढ़ावा या राशि की मांग नहीं की जाती है। न ही फेसबुक या व्हाट्सएप के माध्यम से उनकी कोई आईडी है। लेकिन 8462903060 मोबाइल नंबर से एक फेसबुक एवं व्हाट्सएप की फर्जी आईडी बनाकर लोगों से रुपए ऐंठे जा रहे हैं। जिससे सभी शिष्य गणों की भावनाओं को ठेस पहुंची है एवं बागेश्वर धाम की छवि धूमिल करने का कुत्सित प्रयास किया गया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि ऐसे व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
यह रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने वालों में दमोह विधायक अजय टंडन, अखिल टंडन, दीपक सिंघानिया, रजनीश विश्वकर्मा, आशुतोष, विक्रांत गुप्ता, शोभित गुप्ता, सचिन खरारे, भूपेंद्र राय, मुरारी पटेल, पवन दुबे, वीरेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
खूब हो रही आई डी हैक
गौरतलब है कि फर्जी आईडी बनाने और आईडी को हैक करके रुपए मांगने के अनेक मामले इन दिनों सामने आ रहे हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर पा रही है। गौरतलब है कि लॉकडाउन के दौरान दमोह टी आई के अलावा कई अन्य लोगों की आईडी हैक करके रुपए की मांग की जा चुकी है।

Message Us on WhatsApp