मार्च 17, 2026

बीड़ी का धागा बना हत्या के आरोपी का फंदा

दमोह। जिले के पथरिया थाना के ग्राम चिरौला में 3 दिन पूर्व हुए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। जली हुई बीड़ी के सहारे पुलिस खोजबीन करती हुई हत्या के आरोपी तक पहुंच गई और उसे दबोच लिया।
घटना के संबंध में गौरतलब है कि 13 तारीख को ग्राम चिरोला में उस एक 60 वर्षीय महिला हीराबाई पत्नी बैजनाथ पटेल का शव खून से लथपथ एवं अर्ध नग्न अवस्था में मिला था। जिस पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया था। फॉरेंसिक टीम के सहयोग से पुलिस ने जो साक्ष्य जुटाए उससे बहुत ही चौंकाने वाले तथ्य उजागर हुए।
धागे ने जोड़े हत्या के तार
हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक डीआर तेनिवार ने बताया कि मृतका के घर के दोनों दरवाजे अंदर से बंद थे। जिससे शक हुआ कि हो न हो हत्या का आरोपी कोई जानकार व्यक्ति है। वहां पर फॉरेंसिक टीम ने जब जांच की तो वहां पर एक बुझी हुई बीड़ी मिली। जिसका धागा निकला हुआ था। माॅड्स ऑपरेंडी के अनुसार जब गांव में पता जानकारी ली तो पता कि महिला के घर में किसका ज्यादा आना जाना था और कौन बीड़ी इस तरीके से पीता है। तब पुलिस आरोपी तक पहुंच गई।
गांव का ही निकला हत्यारा
पकड़ा गया आरोपी गांव का ही मस्तराम पुत्र छोटेलाल उम्र 60 वर्ष है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि महिला हत्या की रात उससे 2 हज़ार रुपए मांग रही थी। उसे मजदूरों का भुगतान करना था। लेकिन जब आरोपी ने उसे रुपए देने से इंकार किया तो महिला जबरन जेब से रुपए निकालने लगी। जिस पर आरोपी ने उसे धक्का दिया और वह सिर के बल पर गिर गई तथा उसे सिर पर चोट लग गई। पुलिस रिपोर्ट के डर से आरोपी ने पटला उसके सिर पर मार दिया जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में आरोपी घर की छत पर गया और छप्पर से निकल कर बाहर आ गया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान आरोपी करीब 1 घंटे तक वहीं पर बना रहा। पूरे मामले में खास बात यह है कि पुलिस जब मामले की छानबीन कर रही थी तब भी आरोपी पुलिस के साथ रहकर पूरा सहयोग करता रहा लेकिन शक नहीं होने दिया कि उसी ने महिला की हत्या की है।

Message Us on WhatsApp