मार्च 17, 2026

चौमासा में बरसेगी प्रवचनों की अमृत धारा

जिले की उप काशी हटा में विराजमान रहेंगी आर्यिका संघ

आर्यिका संघ की अगवानी के लिए दुल्‍हन की तरह सजी उपकाशी
हटा से संजय जैन।
मैं विद्या की बूंद मुझे विद्या सागर में मिल जानें दो, ये कविता आज से करीब 40 साल पहले नगर के सुप्रसिद्ध रूबाईकार, साहित्‍यकार रामकुमार खरे अनुज ने नगर के श्री पार्श्‍वनाथ दिगम्‍बर जैन परिसर में आचार्य श्री के श्री चरणों में समर्पित की थी। एक दो नहीं बल्कि तीन दशक बाद ऐसा अवसर आ रहा है जहां अब नई पीढी धर्मध्‍वजा सम्‍हाले हुए है और सानिध्‍य मिल रहा आचार्य श्री विद्या सागर जी महाराज की आज्ञानुवर्ती आर्यिका श्री गुणमती माता के ससंघ चातुर्मास पावन वर्षायोग का। पावन वर्षायोग के लिए आर्यिका संघ शुक्रवार को प्रातः 8 बजे हटा नगर में मंगल प्रवेश करेगा। संघ की अगवानी के लिए नगर को दुल्‍हन की तरह सजाया जा रहा हैै। घर घर रंगोली, बंदनवार लगाए जा रहे हैै। स्‍वागत द्वार, पंच परमेष्‍ठी को नमन करते ध्‍वज जगह जगह लगाए है। आर्यिका संघ बरौदा से विहार करते हुए रजपुरा तिराहा पहुंचेगा। जहां सकल समाज के द्वारा अगवानी की जाएगी। इसके उपरांत रेस्‍ट हाउस, बस स्‍टेण्‍ड, बडा बाजार होते हुए जैन मंदिर पहुंचेगें। सकल जैन समाज के द्वारा सभी से आर्यिका संघ की अगवानी में शामिल होने की अपील की गई है।

Message Us on WhatsApp