September 10, 2026

गौ हत्या के विरोध में संगठन हुए लाल

एसपी डीआर शनिवार को ज्ञापन सौंपते हिंदू संगठन के पदाधिकारी।

दमोह। जिले में लगातार हो रही गौ हत्या पर रोक लगाने की मांग को लेकर आज पुलिस की मौजूदगी में ही हिंदू संगठनों ने गौ हत्यारों के हाथ काटने के नारे लगाकर अपना आक्रोश जताया। संगठनों ने गौ हत्या के लिए पुलिस अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
गौ हत्या एवं गौ मांस परिवहन के लिए मध्यप्रदेश में विख्यात दमोह में गौ तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। जिससे हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त है। आज पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देने पहुंचे विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मौजूदगी में ही गौ हत्यारों के हाथ काटने के नारे लगाए। उनमें आक्रोश इस कदर था कि जय श्रीराम, जय श्रीराम और गाय काटने वालों के हाथ काट दो …. के नारे लगाकर अपना विरोध प्रदर्शित किया। पुलिस के तमाम अधिकारी चुपचाप नारे सुनते रहे लेकिन एक बार भी वह हिंदू संगठनों को रोक नहीं सके।
क्या है मामला
दरअसल दमोह जिले में गौ हत्या के बाद गौ मांस को बड़े पैमाने पर ट्रकों में लोड करके मुंबई भेजा जाता है। लंबे समय से विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल तथा अन्य हिंदू संगठन गौ हत्या पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। कई बार इस मामले में उग्र आंदोलन और हिंसक वारदातें भी हो चुकी हैं। उसके बाद भी गौकशी नहीं रुक पा रही है। इसी के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के दर्जनों पदाधिकारी और कार्यकर्ता आक्रोशित होकर एसपी ऑफिस पहुंचे और वहां पर एसपी डीआर तेनीवार को ज्ञापन देकर गौ हत्या एवं गौ परिवहन रोकने तथा एक समुदाय विशेष द्वारा जगह-जगह किए जा रहे अतिक्रमण हटाने की मांग की। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। बजरंग दल की जिला संयोजक पवन रजक ने आरोप लगाया कि पुलिस एवं कुछ प्रशासनिक अधिकारियों की शह पर यह सब काम हो रहा है तथा उन्हीं के संरक्षण में गौकशी एवं गौ परिवहन किया जा रहा है। लेकिन दोषियों पर किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। जिससे शहर की फिजा बिगड़ सकती है। श्री रजक ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि शीघ्र ही दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाए तथा अतिक्रमण हटाए जाएं एवं गौ कशी पर रोक लगाई जाए।
कार्रवाई की जाती है
इस मामले में पुलिस अधीक्षक श्री तेनीवार ने हिंदू संगठनों को आश्वस्त किया कि समय-समय पर कार्रवाई की जाती है। यदि इसमें पुलिस विभाग का कोई कर्मचारी लिप्त पाया जाता है, उसके विरुद्ध गौ परिवहन कराने के प्रमाण मिलते हैं तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।

Message Us on WhatsApp