September 10, 2026

लूट और चोरी के पांच आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

दमोह। दमोह पुलिस ने लूट और चोरी की विभिन्न वारदातों के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपए का माल बरामद किया है। दो बदमाशों को पुलिस यूपी से पकड़कर दमोह लाई है।
दमोह पुलिस को लूट एवं चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने और उनसे लाखों रुपए का माल बरामद करने में सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक डीआर तेनीवार ने मामलों का खुलासा किया है।
गौरतलब है कि बीती 5 जुलाई को श्याम नगर स्थित एक निजी होटल से दो कर्मचारी एक मोबाइल, 1 लाख 32 हज़ार रुपए नगद तथा एक बाइक चोरी करके फरार हो गए थे। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की मोबाइल लोकेशन एवं वीडियो फुटेज के आधार पर उन्हें उत्तर प्रदेश के बनारस एवं आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपी आनंद पुत्र अवधु सिंह निवासी टेकमा जिला आजमगढ़ एवं दूसरे आरोपी एनामुलहक पुत्र समसुद्दीन मुसलमान निवासी बनारस के कब्जे से हीरो मोटरसाइकिल एमपी 34 एमएफ 601 सीटी हंड्रेड, एक सैमसंग कंपनी का मोबाइल तथा एक लाख रुपए की नगद राशि बरामद की है। दोनों ही आरोपी होटल में हाउसकीपिंग तथा कैश काउंटर कर्मचारी थे।
लूट के आरोपी धरे गए

सुनसान रास्तों से लोगों को लूटने वाले तीन आरोपी भी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। एसपी श्री तेनीवार ने बताया कि केरबना निवासी राम किशन दुबे के साथ केरबना एवं बटियागढ़ के बीच 3 अज्ञात लोगों ने मंगलसूत्र, मोबाइल तथा नगद राशि लूट ली थी। जिसके बाद पुलिस ने सागर पुलिस एवं साइबर सेल के सहयोग से स्थानीय सीतावली निवासी नफीस पुत्र लतीफ खान, पथरिया निवासी राजा बाबू उर्फ किशन आदिवासी तथा राजा पुत्र पहाड़ी खान को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तीन चाकू, एक मोबाइल एक मंगलसूत्र तथा घटना में प्रयुक्त बाइक सहित नकद राशि बरामद की है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि स्थानीय जबलपुर नाका के पीछे किशन तलैया क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व एक महिला के साथ भी लूट की वारदात को उन्होंने अंजाम दिया था। जिसमें आरोपियों ने महिला की गले से चैन छीन ली थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों से कई अन्य मामलों का खुलासा होने की उम्मीद है।

Message Us on WhatsApp