July 16, 2026

पहले गोली मारकर हत्या की, फिर जेसीबी से पलट दी बोलेरो

दमोह। पुरानी पारिवारिक रंजिश को लेकर आज हटा थाना अंतर्गत ग्राम रोंडा पटना में पूर्व सरपंच की परिवार के ही कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को दुर्घटना में बदलने के लिए जेसीबी मशीन से बोलेरो गाड़ी को पलट दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं अभी आरोपी फरार हैं।
ग्राम रोंडा पटना के पूर्व सरपंच मुरारी लाल शर्मा अपने परिवार सहित अपनी बोलेरो जीप से शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 10-11 बजे उनके ही कुटुंब के कुछ परिजनों एवं जमुनिया ग्राम के करीब दर्जन भर लोगों ने पहले ट्रैक्टर से चलती बोलेरो में टक्कर मारी और उसके बाद बंदूक से दनादन फायर कर दिए। कोई कुछ समझ पाता या अपना बचाव कर पाता है इसके पहले ही कुछ गोलियां पूर्व सरपंच मुरारी लाल शर्मा को लगी और उनकी मौत हो गई।
जेसीबी से पलट दी बोलेरो
घटना के बाद आरोपियों ने जेसीबी मशीन से बोलेरो गाड़ी को पलट दिया जिससे उसमें सवार परिवार के अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर घटना की जानकारी मिलने के बाद रोंडा ग्राम के दर्जनों लोग सड़कों पर उतर आए और उन्होंने प्रदर्शन किया। वहीं जानकारी मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। हटा टीआई मनीष मिश्र, एसडीओपी भावना दांगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल परिजनों का कहना है कि मधु शर्मा, गुड्डन शर्मा, शुभम शर्मा सुमित्रा शर्मा के साथ करीब दर्जन भर लोग घटना में शामिल थे।
पुरानी रंजिश पर हत्या
बताया जाता है कि मुरारी लाल शर्मा की आरोपियों से किसी बात को लेकर लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। आरोपी चार-पांच दिन पूर्व ही एक मामले में जमानत पर जेल से रिहा हुए हैं। करीब 3 महीने पूर्व भी इसी तरह शर्मा परिवार के एक युवक की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने आरोपियों की संख्या का खुलासा नहीं किया है।

Message Us on WhatsApp