मार्च 17, 2026

हटा जनपद पंचायत अध्यक्ष को कलेक्टर ने पद से हटाया

दमोह. कलेक्टर ने जनपद पंचायत हटा के अध्यक्ष को पद से हटा दिया है. जनपद अध्यक्ष को हत्या की एक मामले में हाल ही में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है. इसके बाद कलेक्टर ने यह आदेश जारी किया है.

     हटा जनपद पंचायत को अब शीघ्र ही नया अध्यक्ष मिलेगा. कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने हटा जनपद अध्यक्ष इंद्रपाल पटेल को अध्यक्ष पद से हटा दिया है. मामले के संबंध में गौर तलब है कि हटा जनपद अध्यक्ष इंद्रपाल पटेल को हाल ही में अतिरिक्त सत्र न्यायालय हटाने बहुचर्चित देवेंद्र चौरसिया हत्याकांड मामले में धारा 302 के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. जिसके बाद यह प्रयास लगाए जा रहे थे कि सजायाफ्ता इंद्रपाल पटेल जनपद पंचायत के अध्यक्ष पद पर राजनीतिक प्रभाव के चलते बने रहेंगे या फिर उन्हें पद छोड़ना पड़ेगा ? इसके बाद कलेक्टर ने आज जारी आदेश में इंद्रपाल पटेल को मध्य प्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1963 की धारा 40 (ख) के अंतर्गत निरर्हित होने से निलंबित कर पदच्युत कर दिया है. यह आदेश तत्काल प्रभावशील किया गया. दरअसल इंद्रपाल पटेल हटा जनपद के क्षेत्र क्रमांक 16 से सदस्य निर्वाचित हुआ था. यह निर्वाचन उसके जेल में निरुद्ध रहने के दौरान ही हुआ था. इसके बाद वह जेल में रहते हुए जनपद पंचायत का निर्विरोध अध्यक्ष भी चुना गया था. लेकिन बीते 30 नवंबर को हत्या के मामले में इंद्रपाल पटेल को दोष सिद्ध पाते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी. इसके बाद से ही यह माना जा रहा था कि इंद्रपाल पटेल राजनीतिक रसूख के चलते अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे या फिर उन्हें पद छोड़ना पड़ेगा. दरअसल इंद्रपाल पटेल के पिता शिव चरण पटेल राजनीतिक रसूखदार हैं. वह जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के काफी करीबी माने जाते हैं. जनपद अध्यक्ष का यह पद पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के ही अधीन है. ऐसे में यह माना जा रहा था कि राजनीतिक प्रभाव के कारण संभव है कि इंद्रपाल को अध्यक्ष पद से न हटाया जाए. लेकिन आज कलेक्टर ने आदेश जारी करके उसे अध्यक्ष पद से हटा दिया. दमोह जिले का संभवत: यह पहला ऐसा मामला है जहां पर जेल में बंद रहने के दौरान ही कोई व्यक्ति किसी पद पर निर्वाचित हुआ और उसके बाद अध्यक्ष बना और सजा भी जेल में बंद रहने के दौरान ही सुनाई गई है.

Message Us on WhatsApp