
दमोह. आज मंदिर निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान चांदी के सिक्के निकले. जिसे स्थानीय लोग लेकर भाग खड़े हुए. पुलिस प्रशासन ने लोगों से सिक्के वापस करने का आग्रह किया है. मामला बटियागढ़ ब्लॉक का है.
पुरा संपदाओं से भरे पड़े दमोह जिले में आए दिन खुदाई के दौरान सोने और चांदी के सिक्के निकलने के मामले सामने आते रहते हैं. ताजा मामला बटियागढ़ ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम सादपुर का है. यहां पर आज सुबह जैन मंदिर निर्माण के लिए जब गड्ढे खोदे जा रहे थे. उसी दरमियान जेसीबी मशीन के बकेट में मटका नुमा एक बर्तन टकरा गया और वह फूट गया. जिससे उसमें भर सिक्के वहीं बिखर गए. जैसे ही स्थानीय लोगों और मजदूरों ने वहां पर सिक्के गिरे देखे तो तुरंत उठाकर दौड़ लगा दी. जैसे ही लोगों को इस बात का पता चला की खुदाई में सिक्के निकले हैं तो लोगों का हुजूम वहां पर उमड़ पड़ा. मंदिर कमेटी के लोग और सादपुर पुलिस चौकी से चौकी प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए. लेकिन तब तक अधिकांश सिक्के लेकर लोग भाग चुके थे. हालांकि पुलिस को कुछ सिक्के मिल गए जो वहीं पर पड़े हुए थे. सिक्के अंग्रेजी शासन काल के हैं. जिससे यह पता चलता है कि उस समय ब्रिटिश हुकूमत थी. जॉर्ज पंचम के समय के इन सिक्कों में एक तरफ जॉर्ज पंचम की फोटो बनी हुई है तो एक तरफ उन सिक्कों के निर्माण का सन डला हुआ है. 1907 से लेकर 1916 तक के यह सिक्के हैं. पुलिस ने बताया कि जो लोग सिक्के ले गए हैं उनसे सिक्के वापस लिए जाएंगे. पुलिस ने सभी से आग्रह किया है कि जो लोग भी सिक्के ले गए हैं वह सिक्के शासन के पास अथवा मंदिर कमेटी के पास जमा कर दें. सिक्कों की संख्या लगभग 100 से अधिक बताई जा रही है.


More Stories
तीन माह के दुधमुहे बच्चे के साथ कुएं में तैरता मिला मां का शव
काले हिरनों से गुलजार हुआ टाइगर रिजर्व, 153 हिरण छोड़े गए
कांग्रेस विधायक के बिगड़े बोल, पीड़ित से ही बोले अब मैला खा लेना