दमोह। ग्राम सगरोन में मंदिर की जमीन मुक्त कराने के मामले को लेकर विधायक रामबाई के बयान ने राजनीतिक रंग ले लिया है। अब भाजपाइयों ने रामबाई पर प्रकरण दर्ज करने की मांग को लेकर एसपी को ज्ञापन दिया है।
अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चाओं में घिरी रहने वाली पथरिया विधायक रामबाई सिंह एक बार फिर भाजपा के निशाने पर आ गई हैं। गौरतलब है कि पथरिया में विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सगरोन में विधायक रामबाई परिहार ने पथरिया अनुविभागीय अधिकारी को मंदिर की 160 एकड़ जमीन मुक्त कराने के लिए निर्देशित किया था। इस जमीन की महत्तमकारी भाजपा नेता और फतेहपुर मंडल अध्यक्ष राजवीर सिंह ठाकुर के पास है। इतना ही नहीं विधायक ने खुलेआम यह कह कर सनसनी फैला दी थी कि मंदिर की जमीन से होने वाली आय का उपयोग मंदिर के रखरखाव और धार्मिक आयोजनों के लिए होना चाहिए। लेकिन जिस व्यक्ति का इस गांव से कोई सरोकार नहीं है वह महत्तमकार बन कर बैठे हैं और मंदिर की जमीन की आय खुद खा रहे हैं। पथरिया विधायक ने अपने बयान में यह भी कहा था कि महत्तम कारी और पुरोहिताई का कार्य ब्राम्हण का होता है इसलिए यह महत्तमकारी भी किसी ब्राह्मण के पास होना चाहिए। पथरिया विधायक के इस बयान को भाजपाई कहीं और आगे ले गए। उन्होंने इस मामले में राजनीतिक रंग देते हुए रामबाई पर गंभीर आरोप लगाए है।
रामबाई से जान का खतरा
पथरिया के पूर्व विधायक लखन पटेल और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी की अगुवाई में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को रामबाई के खिलाफ एक ज्ञापन दिया। ज्ञापन में राजवीर सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि रामबाई उनकी अनुपस्थिति में उनके घर गई एवं उनके पिता के साथ अभद्र व्यवहार कर गांव से बाहर निकालने की धमकी दी। इसके अतिरिक्त उन्हें भी फोन पर मां बहन की गालियां देकर जान से मारने की धमकी दी है। भाजपा का कहना है कि भाजपा की सरकार होते हुए यदि मंडल अध्यक्ष को इस तरह से धमकी दी जाएगी तो आम आदमी का क्या हाल होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राम भाई की गुंडागर्दी बहुत बढ़ गई है। जबकि मंडल अध्यक्ष राजवीर सिंह का कहना है कि वह उनकी पैतृक जमीन है उन्होंने मंदिर की जमीन पर कब्जा नहीं किया है बल्कि वह किसी के इशारे पर उन्हें परेशान कर रही हैं। बहरहाल एसपी हेमंत चौहान ने मामले की जांच करा कर कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

More Stories
कांग्रेस विधायक के बिगड़े बोल, पीड़ित से ही बोले अब मैला खा लेना
हटा विधायक को नहीं पता राष्ट्रगान हिन्दी में लिखा या संस्कृत में
2 दिन पहले पति की मौत, आज कुएं में मिला पत्नी और बेटी का शव