मार्च 17, 2026

बढ़ती महंगाई के विरोध में “आप” ने राज्यपाल के नाम दिया ज्ञापन, उधर पंचायत कर्मियों की हड़ताल को जायज ठहरा कर दिया समर्थन

दमोह। बढ़ती महंगाई के विरोध में आम आदमी पार्टी ने आज जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें बिजली की दरें, पेट्रोल डीजल एवं आवश्यक वस्तुओं के दाम कम करने की मांग की गई।
आम आदमी पार्टी की जिला इकाई ने देश में बढ़ते हुए पेट्रोल डीजल के दाम, बिजली की बढ़ती दरों और आवश्यक खाद्य वस्तुओं आदि की महंगाई कम करने की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। पार्टी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। उन्होंने भ्रष्टाचार का एक ही काल केजरीवाल केजरीवाल, महंगाई कम करो, तानाशाही नहीं चलेगी, आम आदमी पार्टी जिंदाबाद इत्यादि नारे लगाते हुए पार्टी अध्यक्ष एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यालय अधीक्षक श्री दास को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर पार्टी के संयोजक सुनील राय ने कहा कि केंद्र सरकार बढ़ती महंगाई रोकने में पूरी तरह असफल है। बिजली की दरें मध्यप्रदेश में सर्वाधिक हैं। जबकि मध्यप्रदेश में बिजली का इतना उत्पादन हो रहा है कि सर प्लस होने के कारण अन्य राज्यों को बिजली बेची जा रही है फिर भी देश में सबसे महंगी बिजली मध्यप्रदेश में है। इसी तरह राज्य सरकार द्वारा टैक्स अधिक लगाए जाने के कारण पूरे देश में सबसे महंगा पेट्रोल और डीजल एमपी में है। सरकार को तत्काल ही बिजली और पेट्रोल डीजल के दाम कम करना चाहिए। इसके अलावा आवश्यक खाद्य वस्तुओं के दामों में भी कटौती करके लोगों को राहत देना चाहिए। यदि सरकार शीघ्र ही पार्टी की इन मांगों पर विचार नहीं करती है तो पूरे प्रदेश में जन आंदोलन किया जाएगा।
संयुक्त मोर्चा को दिया समर्थन
पिछले 9 दिन से हड़ताल पर बैठे पंचायत कर्मियों को आम आदमी पार्टी ने अपना समर्थन दिया है। पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आज महाराणा प्रताप चौक स्थित धरना स्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने संयुक्त मोर्चा के बैनर तले चल रहे पंचायत कर्मियों के आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए कहा कि सरकार को शीघ्र ही कर्मचारियों की मांगों पर विचार करके उन्हें हल करना चाहिए।

Message Us on WhatsApp