July 16, 2026

तीन माह के दुधमुहे बच्चे के साथ कुएं में तैरता मिला मां का शव

दमोह. तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला का शव उसके दूध मुहे बच्चों के साथ कुएं में उतराता हुआ मिला. पुलिस ने शव बाहर निकाल लिए हैं. मामले की जांच की जा रही है.

      जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां पर एक महिला और उसके तीन माह के दुधमुहे बच्चे का शव एक कुएं में उतराता हुआ पाया गया. घटना की जानकारी लोगों को तब लगी जब सुबह नगर पालिका के सफाई कर्मी वार्ड में सफाई करने पहुंचे और उन्होंने कुएं में झांक कर देखा. तो दो शव पानी में तैर रहे थे. इस बात की जानकारी तुरंत ही पुलिस को दी गई. पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की एवं उसकी पहचान की. तत्पश्चात परिजनों को सूचना देकर उन्हें घटनास्थल पर बुलाया गया. मृतका की पहचान वार्ड क्रमांक एक निवासी दुर्गा केवट की 35 वर्षीय पत्नी जयंती केवट के रूप में हुई. जबकि बच्चों की पहचान उसके तीन माह के बेटे दीपांश केवट के रूप में की गई. तेंदूखेड़ा एसडीओपी अर्चना अहीर ने बताया कि अभी पूछताछ एवं परिजनों से बातचीत के बाद जो जानकारी सामने निकल कर आई है, उसके मुताबिक कल रात को महिला को आखिरी बार उसके घर पर देखा गया था. महिला काफी समय से बीमार चल रही थी. परिजनों का कहना है कि उसका जबलपुर तथा अन्य जगहों पर काफी उपचार कराया लेकिन, वह किसी ऐसी बीमारी से ग्रसित थी जिससे उसे कोई आराम नहीं लग रहा था. वह काफी परेशान थी इसी के चलते महिला को ओझाओं के पास ले जाकर झाड़ फूंक भी कराई गई लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला. संभव है इसी कारण से महिला ने अपने बच्चों के साथ कूद कर आत्महत्या कर ली हो. पुलिस का कहना है कि यह भी हो सकता है कि उसके साथ किसी घटना को अंजाम दिया गया हो या फिर वह हादसे का शिकार हो गई हो, या पानी भरने के दौरान या कुएं के आसपास रहने के दौरान पैर फिसलने से कुएं में बच्चे सहित गिर गई हो और उसकी मौत हो गई. फिलहाल सभी बिंदुओं पर पुलिस मामले की जांच कर रही है. गौर तलब है कि तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र में इस तरह का यह दूसरा दर्दनाक हादसा है. करीब 15 दिन पहले ही आर्थिक तंगी से जूझ रहे निषाद परिवार के ही एक व्यक्ति ने अपनी बच्ची और पत्नी के साथ घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. और अभी यह दूसरा घटनाक्रम सामने आ गया

.

Message Us on WhatsApp