मार्च 17, 2026

2 साल की बच्ची और गर्भवती पत्नी के साथ फांसी पर झूला युवक

दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में एक युवक ने अपनी गर्भवती पत्नी और बच्ची के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. फिलहाल आत्महत्या का कारण अज्ञात लेकिन इस हादसे के बाद समूचे नगर में शोक व्याप्त हो गया है. 

     जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. यहां के वार्ड क्रमांक एक में रहने वाले एक युवक ने अपनी गर्भवती पत्नी और दुधमुही बच्ची के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. फिलहाल आत्महत्या का कारण अज्ञात है. लेकिन सूत्रों से जो जानकारी निकल कर सामने आई है उसके अनुसार वार्ड क्रमांक एक में रहने वाले मनीष केवट को अपनी बच्ची का मुंडन कराने बांदकपुर जाना था. इसके लिए उसने एक-दो दिन पहले ही आस पड़ोस के सभी रिश्तेदारों को न्योता दिया कि मुंडन में साथ चलना है. साथ ही वह कुछ रिश्तेदारों के पास आर्थिक मदद के लिए भी गया. लेकिन बताया जाता है कि किसी रिश्तेदार से उसकी कहा सुनी हो गई. मदद तो नहीं मिली लेकिन मनीष जब घर वापस लौटा तो काफी उदास और निराश था. इसके बाद उसने आज दोपहर अपनी पत्नी जिसके गर्भ में पहले से ही एक बच्चा था तथा करीब 2 साल की दुधमुही बच्ची के साथ घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. 

  बताया जाता है कि 30 वर्षीय मनीष केवट की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी. वह मजदूरी करके अपने परिवार का जीवन यापन कर रहा था. उसकी 24 वर्षीय पत्नी यशोद उर्फ माही के गर्भ में एक बच्चा था, तथा 2 साल की एक मासूम बच्ची आरोही थी. उसी का मुंडन कराने उन्हें बांदकपुर जाना था. तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रावेंद्र बागरी ने बताया कि जब हमें घटना की सूचना मिली तो हम मौके पर पहुंचे. खिड़की से देखा तो तीनों लोगों के शव रस्सी पर टंगे हुए थे. दरवाजा खोलकर तीनों के शव नीचे उतारे गए. फिलहाल घटना के कारणों की हम जांच कर रहे हैं. यह हत्या है या कुछ और इसका हम पता लग रहे हैं.

Message Us on WhatsApp