September 10, 2026

शादी करके जेवर और धन लेकर चंपत होने वाली लुटेरी दुल्हन जबलपुर से पकड़ी गई

दमोह. शादी करके लोगों का जेवर और रुपए लूटकर भागने वाली लुटेरी दुल्हन को देहात थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. दुल्हन के साथ दो अन्य लोगों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
लोग पैसा कमाने के लिए क्या-क्या नहीं करते, सही गलत और नैतिक, अनैतिक का भी ध्यान नहीं रखते हैं. इसी तर्ज पर लोगों को शादी करके उन्हें लूटने वाली एक लुटेरी दुल्हन को देहात थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उस दुल्हन के साथ उसके दो अन्य साथियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. जबकि एक साथी पहले से ही पन्ना जेल में बंद है. नगर पुलिस अधीक्षक हरिराम पांडे ने बताया कि दिनेश पुत्र राम कौशल विश्वकर्मा बांस निवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव के ही नर्मदा पटेल ने सागर जिले के ग्राम कनेरा निवासी नीरज पटेल एवं मालती पटेल के साथ मिलकर जबलपुर रांझी निवासी खुशबू राजपूत के साथ 20 अप्रैल को रानगिर मंदिर से शादी करवाई थी. शादी करने के बदले में 1 लाख 70000 रुपए और 2 लाख 40000 रुपए के जेवर खुशबू राजपूत को दिए थे. लेकिन दो दिन बाद ही 23 अप्रैल को मालती पटेल खुशबू राजपूत की बड़ी बहन बनकर बांसा आई और उसे अपने साथ ली गई साथ यह कह कर गई कि यह पहली विदाई है कुछ दिनों बाद उसे वापस भेज देगी. इसके बाद दिनेश विश्वकर्मा ने लगातार अपनी दुल्हन खुशबू राजपूत से संपर्क किया लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला. तब उसने नर्मदा पटेल, नीरज उर्फ धीरज पटेल, मालती पटेल एवं खुशबू राजपूत के विरुद्ध शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने के संबंध में एक शिकायत पुलिस में दर्ज कराई. जिसके बाद पुलिस ने पूरा मामला जांच में लिया तथा 28 अगस्त को आरोपी नर्मदा पटेल और मालती पटेल को कनेरा ग्राम से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ पर मालती पटेल ने अपने पति नीरज और धीरज के साथ मिलकर शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर पैसे कमाने का खुलासा किया. इस समय नीरज उर्फ धीरज पटेल अमानगंज के लुटेरी दुल्हन से संबंधित एक अपराध के मामले में पन्ना जेल में बंद है. आरोपी मालती पटेल के मोबाइल में अनेक लड़कियों के कूट रचित आधार कार्ड पाए गए हैं. आरोपी मालती पटेल एवं नर्मदा पटेल को न्यायालय में पेश किया गया है. वहीं खुशबू को 31 अगस्त को जबलपुर के रांझी से गिरफ्तार किया गया है. घटना के बाद खुशबू ने कोटा राजस्थान में भी दूसरी शादी करके फ्रॉड किया है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है संभव है कि कुछ और मामलों का खुलासा हो सकता है.

Message Us on WhatsApp