September 10, 2026

नदी में समाया महाकाय ट्रक, 24 घंटे के रेस्क्यू के बाद निकले दो शावे

दमोह. जिले के चीलघाट में 40 फीट नीचे गहरी नदी में गिरे ट्राला से 24 घंटे बाद दो लोगों के शव बरामद किए गए हैं. मृतकों की पहचान विदिशा निवासी के रूप में हुई है. वही ट्राला निकालने की कोशिश की जा रही है.
कहते हैं कि सावधानी हटी और दुर्घटना घटी. जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है. यही चूक विदिशा के दो लोगों के लिए मौत का सबब बन गई. दरअसल जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत चीलघाट नदी में शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात एक 18 चक्का ट्रक रेलिंग तोड़कर नदी में गिर गया था. जिससे ट्रक के टायर ऊपर और ऊपर का हिस्सा नीचे हो गया था. हादसा इतनी तेजी से हुआ कि ट्रक चालक और क्लीनर को केविन से बाहर कूदने या भगाने का मौका भी नहीं मिला और उसी ट्राला में पानी के भीतर ही उनकी जल समाधि बन गई. जोरदार आवाज के कारण आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए. वहीं आसपास से गुजरने वाले वाहन भी वहां रुक गए. तत्काल ही मामले की सूचना कुम्हारी पुलिस को दी गई. कुम्हारी थाना पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंच गई. वहीं सुबह होने से पहले ही एसडीआरएफ की टीम भी वहां पर पहुंच गई. लेकिन ट्रक का केविन पिचक जाने के कारण और नदी में पानी होने से रेस्क्यू का कार्य बहुत मुश्किल हो रहा था. इसके बाद एक क्रेन को बुलाया गया और लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया. 24 घंटे बाद शनिवार और रविवार की दरमियानी रात 2 से 4 बजे के लगभग केविन से दो शव बरामद किए गए. कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे ने बताया की मृतकों की पहचान ड्राइवर अभिषेक पुत्र सुरेश उम्र 23 वर्ष और क्लीनर तुलसी भाई पुत्र गणेश उम्र 38 वर्ष निवासी सुन्नंता थाना त्योंदा जिला विदिशा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार अभी केवल मृतकों के शव बरामद किए गए हैं. ट्राला अभी भी नदी में ही है. उसे भी निकालने की कोशिश की जा रही है. श्री पांडे ने बताया कि ट्रक सतना से सीमेंट लेकर इंदौर जा रहा था. संभवत: रात्रि होने के कारण चालक को नींद का झपका आ गया और वह ट्रक को नियंत्रित नहीं कर सका. जिससे ट्रक रेलिंग तोड़कर नदी में समा गया.
बताया जाता है कि ट्रक में 35 से 40 टन से सीमेंट लोड था. वहीं रोड की हालत भी लगातार भारी बारिश होने के कारण कहीं कहीं खराब हो गई है. जगह-जगह गड्ढे होने के कारण चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. इसके कारण भी हादसा की एक संभावना बन रही है. वहीं दूसरी ओर भारी भरकम ट्रक को निकालने के लिए दमोह में कोई बड़ी क्रेन सर्विस उपलब्ध नहीं थी. इसके लिए जबलपुर से एक क्रेन बुलाई गई है. उसी से ट्रक को निकालने की प्रयास किया जा रहे हैं.

 

Message Us on WhatsApp