मार्च 17, 2026

कलेक्टर पर फूटा रामबाई का गुस्सा, मर्यादा भूलकर कहे अपशब्द

दमोह। पथरिया विधायक रामबाई का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा और इस बार निशाने पर आ गए कलेक्टर। गुस्से में रामबाई ने अपनी मर्यादाएं लांघ दी और कलेक्टर को ढोर, गवार, मूर्ख और साले शब्द कह दिए।
पथरिया विधायक रामबाई सिंह परिहार के दबंग मिजाज और गुस्से से सभी परिचित हैं लेकिन इस बार कुछ ऐसा हुआ कि रामबाई ने मर्यादाओं को तोड़ दिया और कलेक्टर को बहुत बुरी तरह से लताड़ लगा दी। दरअसल नरसिंहगढ़ ग्राम पंचायत की कई महिलाओं ने इस आशय की शिकायत की थी कि उन्हें पंचायत में किसी भी योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। कई वर्षों से वह परेशान हैं। तब पंचायत के सरपंच प्रतिनिधी राजेंद्र बिदोलिया महिलाओं को लेकर रामबाई के पास पहुंचे और फिर क्या था रामबाई उन महिलाओं की समस्याएं सुनकर इतना उत्तेजित हो गई कि वह अपनी कार में ही सभी को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गई। वहां वी सी चल रही थी। जिसमें कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य शामिल थे। जिसके कारण रामबाई को करीब आधे घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इससे उनका पारा और भी अधिक चढ़ गया और जैसे ही कलेक्टर मीटिंग से बाहर निकले तो रामबाई गुस्से में मूर्ख, ढोर, गवार, साले जैसे शब्द कह डाले। इससे पहले तो वह शालीन तरीके से बात करती रही लेकिन जब कलेक्टर ने नियमों का हवाला दिया तो रामबाई का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कहा तू मुझे नियम मत बताया कर। जब भी तेरे को फोन लगाती हूं तू हमेशा नियमों की बात करता है। यह बता 15 और 20 साल से जिन महिलाओं को पेंशन नहीं मिल रही है, उनके नाम नहीं जुड़े हैं उन्हें नियम बता रहा है। तेरी आंखें फूट गई है साले। इसके बाद कलेक्टर श्री चैतन्य चेंबर में चले गए और उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं की। लेकिन विधायक का गुस्सा बदस्तूर जारी रहा। उनके जाने के बाद भी वह चिल्लाती रही। उन्होंने कहा कि चेतन नाम हो जाने से कोई चेतन नहीं हो जाता न शरीर से चेतन न मन से चेतन। इतना ही नहीं इसके बाद जब परिसर से बाहर निकल रही थी तब भी उन्होंने मीडिया से बातचीत में अपना गुस्सा जाहिर किया। रामबाई ने कहा कि शिवराज सिंह ने कैसे-कैसे कलेक्टर बैठा रखे हैं। जो उनकी योजना को पलीता लगा रहे हैं। जिन्हें कोई काम धाम नहीं करना बस नियमों का हवाला देते हैं। इसके बाद रामबाई ने यह तक कह दिया कि अच्छा हुआ कि वह चेंबर में चले गए नहीं तो आज के बाद वह कुछ करने लायक नहीं रहते। मैं और यह सारी महिलाएं मिलकर उन्हें कुछ करने लायक नहीं छोड़ते उन्हें ज्ञान हो जाता।

Message Us on WhatsApp