मार्च 19, 2026

एफआईआर दर्ज होने के बाद रामबाई का पलटवार कहा, फांसी पर चढ़ने को तैयार

दमोह। पथरिया विधायक रामबाई द्वारा कलेक्टर कार्यालय में सार्वजनिक रूप से कलेक्टर को अपशब्द कहे जाने के बाद कोतवाली पुलिस ने उन पर प्रकरण दर्ज किया है। वहीं रामबाई का कहना है कि जनता के कामों के लिए वह फांसी भी चढ़ने को तैयार हैं

शुक्रवार को कलेक्टर से मिलने पहुंची पथरिया विधायक रामबाई आपा खो बैठी थी और उन्होंने कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य को सार्वजनिक रूप से अपशब्द कह डाले थे। इसके बाद अधिकारी और कर्मचारियों ने एक आपात बैठक बुलाकर रामबाई के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने की मांग करते हुए एसपी को ज्ञापन दिया था। इस मामले के बाद देर रात पथरिया विधायक पर विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया। हालांकि यह प्रकरण कलेक्टर के आवेदन पर दर्ज किया गया है।
मैं फांसी पर चढ़ने तैयार
अब इस मामले के बाद रामबाई का कहना है कि अप शब्दों के लिए उन्हें खेद तो है लेकिन वह जनता के कामों के लिए फांसी चढ़ने को भी तैयार हैं। रामबाई ने कहा कि सभी के पास वीडियो उपलब्ध हैं। उस समय मीडिया के लोग भी मौजूद थे। बताए कि मैंने कौन से शासकीय कार्य में बाधा डाली है। मैं महिलाओ को लेकर उनसे मिलने गई थी। लेकिन मुझे कुर्सी पर बैठने के लिए तक नहीं कहा गया। मैं आधे घंटे तक गलियारे में टहलते रही या उस कुर्सी पर बैठी गई जिस पर प्यून बैठते हैं। इसके बाद भी कलेक्टर हर बार यही कहती रहे कि मैं दिखाता हूं, नियमों में होगा तो देखते हैं। मैं उन्हें प्रमाण देती रही लेकिन वह अपनी एक ही बात की रट लगाए रहे। जिससे मुझे गुस्सा आ गया अब शब्दों के लिए मुझे खेद है आप लोग बताएं कि मैंने कब किससे क्या कहा है इसके पहले मैंने कर्मचारियों की लड़ाई लड़ी है और मैं उसी विधानसभा तक ले गई और उन्हें न्याय भी दिलाया है यह मेरी क्षेत्र की महिलाएं हैं मैं एक लाख जनता का प्रतिनिधित्व करती हूं उनके कामों के लिए मैं नहीं लडूंगी तो कौन लड़ेगा। रही बात गैर जमानती धाराओं की तो मुझे धाराओ की कोई चिंता नहीं रहती। इसके पहले भी मुझ पर गलत तरीके से प्रकरण दर्ज होते रहे हैं। इसी कारण मेरे पति, देवर और परिजन आज जेल में बंद हैं। मैं जनता की लड़ाई लड़ती रहूंगी और इसके लिए मुझे फांसी पर भी चढ़ना पड़े तो मैं चढ़ जाऊंगी। रामबाई ने यह भी कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री जनता के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं। जन कल्याणकारी योजना चला रहे हैं और दूसरी तरफ अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
कौन कौन सी धाराएं लगी
विधायक रामबाई पर विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। जिसमें गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने, लोक सेवक को अपने कर्तव्यों के निर्वहन से भय प्रेरित करने के लिए हमला या अपराधिक बल का प्रयोग करने, अश्लील कार्य और गाने तथा लोक सेवक के लोग कर्तव्यों निर्वहन में बाधा डालना के तहत धारा 353, 506 बी, 184 तथा 294 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
विधी संगत कार्रवाई करेंगे
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डी आर तेनीवार का कहना है कि कल कलेक्ट्रेट में जो प्रकरण हुआ था उसमें विधायक श्रीमती रामबाई द्वारा कलेक्टर महोदय को अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इसमें कलेक्टर महोदय के आवेदन पर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है। विधि संगत जो भी कार्रवाई होगी वह की जाएगी।

Message Us on WhatsApp