मार्च 17, 2026

घर के सामने ही तीन युवकों ने एक युवक को चाकू से गोदा, मौत

दमोह। नगर के पठानी मोहल्ला क्षेत्र में आज सुबह-सुबह तीन लोगों ने मिलकर सरेआम एक युवक की हत्या कर दी। गौरझामर निवासी मृतक 2 साल से अपने मामा के यहां रह रहा था। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
शहर में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर पुलिस नियंत्रण नहीं कर पा रही है। लिहाजा आज सुबह एक युवक की बीच सड़क पर सरेआम हत्या कर दी गई। सुबह सुबह हुई इस हत्या से क्षेत्र में सनसनी और तनाव का माहौल है। जानकारी के अनुसार सागर जिले के गौरझामर का रहने वाला अमीन पुत्र गोलू अपनी बाइक से गैस एजेंसी जा रहा था। उसी दरमियान पठानी मोहल्ला के अजमेरी गेट के निकट इरशाद शकील तथा इमरान नाम के तीन युवकों ने चलती बाइक से उसके गले पर चाकू से प्रहार कर दिया। घायल युवक अपनी जान बचाने के लिए बाइक छोड़कर जब एक दुकान में घुसने लगा तभी उन युवकों ने उसे पकड़कर बड़ी बेरहमी से उसकी छाती में चाकू से एक के बाद एक कई बार कर दिए। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की चीख-पुकार और हल्ला सुनकर जैसे ही सुबह सुबह लोगों ने इस घटनाक्रम को देखा तो तत्काल ही दो आरोपी युवकों को पकड़ कर एक मकान में बंद कर दिया। जबकि तीसरा युवक फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल ही पुलिस अधीक्षक डीआर तेनीवार, एडिशनल एसपी शिवकुमार सिंह, कोतवाली टीआई सत्येंद्र सिंह राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मृतक के मामा अब्दुल ने बताया कि उसका भांजा अमीन 2 साल से उसी के साथ दमोह में रह रहा था। वह गैस एजेंसी में उसके साथ टंकी लोडिंग अनलोडिंग का काम करता था। आरोपियों ने कल रात भी तलवार लेकर दहशत फैलाने का प्रयास किया था और आज सुबह इस घटना को अंजाम दे दिया।

Message Us on WhatsApp