मार्च 17, 2026

घर में आए दिन होती थी कलह, तो बहू ने सास को ही जिंदा जला दिया

दमोह। जिले के पटी नंदलाल ग्राम में घरेलू विवाद के चलते बहू ने सास को जिंदा जला दिया। सास को गंभीर अवस्था में जबलपुर रैफर किया गया है। मामला बनवार चौकी का है
जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। जिसमें ग्राम पटी नंदलाल में एक बहु ने सास को जिंदा जला दिया है। जी हां अभी तक बहु को जलाने के किस्से सामने आते थे अब सास को जलने का मामला आया है। जानकारी के मुताबिक बीती देर रात अशोकरानी पत्नी रमेश रैकवार उम्र करीब 48 वर्ष को करीब 70% से ज्यादा आग से जलने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद महिला को प्राथमिक उपचार के बाद उसे नाजुक हालत में जबलपुर रैफर कर दिया गया।
अशोकरानी ने अपनी बहू लीला पत्नी भरत रैकवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब वह अपने कमरे में सो रही थी उसी दौरान उसकी बहु लीला ने उस पर केरोसिन डालकर आग के हवाले कर दिया। उसके चिल्लाने पर घर और आसपास के लोग मौके पर पहुँचे और आग बुझाकर महिला को जिला में देर रात भर्ती कराया गया।
अशोकरानी का कहना है कि उसके बेटे भरत का करीब 2 साल पहले पन्ना जिला निवासी लीला से विवाह हुआ था। लेकिन उनकी बहू ससुराल आने में शुरू से ही आनाकानी करती रही, और ठीक से वह अपने पति के साथ नहीं रहती है। बहु ने मायके में ही बालक का जन्म दिया था। बावजूद इसके हमने उससे कुछ नहीं कहा और करीब बीते एक महीने पहले ही समझा बुझाकर ससुराल लेकर आए थे। लेकिन बहू हमेशा ही अपने मायके जाने को लेकर झगड़ती रहती थी। कल भी उसने ऐसा ही किया। जिसके बाद उसको आज बुधवार को मायके भेजने के लिए कह दिया गया था। लेकिन उसने रात में ही मेरे साथ इस तरह की घटना को अंजाम दे दिया। पीड़िता के पति का कहना है की उसने आग लगते नहीं देखा लेकिन उसकी पत्नी ने बताया है कि उसे बहु ने ही तेल डालकर आग लगाई है। वहीं इस मामले में नोहटा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान का कहना है की पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Message Us on WhatsApp