June 1, 2026

धू-धू कर जलीं तीन दुकानें: चंद मिनटों में राख हुई जिंदगी भर की कमाई!

दमोह. जिले के हटा के बड़ा बाजार क्षेत्र में तीन दुकानें जलकर राख हो गई. जिससे लाखों रुपए का नुकसान हो गया. गनीमत रही कि इसमें कोई जनहानि नहीं हो पाई.

         आज तड़के जिले के हटा नगर में आग लगने के कारण एक-एक करके तीन दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गई.

लोगों को घटना की जानकारी उस समय लगी मिली जब स्थानीय नागरिक उसी रास्ते से सुबह-सुबह टहलने के लिए निकल रहे थे. लेकिन जब उन्होंने एक दुकान से धुआं और आग की लपटे उठती हुई देखी तो तुरंत ही घटना की जानकारी पुलिस एवं नगर पालिका को दी. साथ ही स्वयं भी इकट्ठे होकर लोगों ने आसपास के संसाधनों एवं पानी से आग को बुझाने का प्रयास किया. आग अंदर ही अंदर इतनी अधिक भड़क चुकी थी कि उसने देखते ही देखते एक के बाद एक तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों के मुताबिक सबसे पहले आग की लपटें किराना व्यवसायी अभिषेक जैन की दुकान में दिखाई दी. इसके बाद एक के बाद एक अरुण असाटी की फुटवियर और अनूप गुप्ता की कपड़ा दुकान में आग पकड़ गई. फुटवियर दुकान और कपड़ा दुकान में सबसे ज्यादा आग लगी, क्योंकि वहां पर जलनशील वस्तुएं अधिक थी. घटना की जानकारी मिलने के बाद तुरंत ही फायर ब्रिगेड और टैंकर आग बुझाने के लिए पहुंच गए. एक के बाद एक पांच राउंड फायर बिग्रेड और तीन से चार टैंकर आग बुझाने के लिए उपयोग में लाए गए. तब कहीं जाकर आग पर काबू पाया जा सका. हालांकि इस दरमियान तीनों दुकानों में रखा किराना, कपड़ा और फुटवियर सहित कई लाखों रुपए का नुकसान हो गया. बताया जा रहा है कि संभवत आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो या यह भी हो सकता है कि यह किसी साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया हो. हटा पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Message Us on WhatsApp