June 1, 2026

शादी समारोह से घर लौट रहे चाचा-भतीजी की सड़क दुर्घटना में मौत, महिला गंभीर रूप से घायल

 


दमोह. दमोह जबलपुर स्टेट हाईवे पर एक बस की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई. जबकि एक महिला को गंभीर अवस्था में जबलपुर रेफर किया गया है.  पुलिस मामले की जांच कर रही है .

       जिले का जबलपुर स्टेट हाईवे मौत का हाईवे बन गया है. यहां पर आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के कारण लोग असमय काल कलवित हो रहे हैं. ताजा मामला आज दोपहर उस समय सामने आया जब जबेरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुसमी के पास एक बस ने बाइक को टक्कर मार दी. जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. बताया जाता है कि जबलपुर जिले के बिछई मझौली गांव का रहने वाला विशाल रजक अपनी भाभी एवं 14 वर्षीय भतीजी निशा के साथ अपनी बाइक क्रमांक एमपी 20 जेड एफ 4438 से अपने गांव जा रहा था. इसी दौरान पीछे से आ रही चौरसिया ट्रेवल्स की एक बस एमपी 50 टी 0313 जबलपुर की तरफ जा रही थी. बस तेज रफ्तार में थी. ओवरटेक करते समय बस का एक हिस्सा बाइक से टकरा गया. जिसके कारण बाइक सवार तीनों लोग काफी दूर तक घिसट गए और दूर जा गिरे. यह टक्कर इतनी जोरदार थी कि 14 वर्षीय निशा रजक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि विशाल और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए. जब आसपास के ग्रामीणों ने घटना को देखा तो उन्होंने तुरंत ही मामले की सूचना पुलिस को दी. इसके बाद एक एंबुलेंस से उन्हें तत्काल ही कटंगी रेफर कर दिया गया. वहां पर पहुंचने के पहले ही विशाल ने भी रास्ते में ही दम तोड़ दिया. जबकि महिला की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया है. बताया जाता है कि यह तीन लोग अपने रिश्तेदार के यहां एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बंडा गए थे. वहां से आज सुबह ही घर के लिए रवाना हुए थे. तेज धूप के कारण रुकते हुए आराम से जा रही थे लेकिन कुसमी के पास यह हादसा हो गया.

 

Message Us on WhatsApp