June 1, 2026

सोते हुए अधेड़ की सर पर पत्थर पटक कर हत्या

दमोह. जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रौंड़ में सोते हुए एक व्यक्ति की पत्थर पटक कर हत्या कर दी गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जबकि सूत्रों का कहना है कि पारिवारिक रंजिश के कारण घटना हुई है.
कहते हैं कि कभी-कभी मामूली बातों से बड़े विवाद बनते देर नहीं लगती और इनका परिणाम अंत में बुरा ही होता है. ऐसा ही एक मामला जिले की नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रौंड़ में सामने आया है. रौंड़ निवासी करीब 50 वर्षीय अधेड़ चून्नू रैकवार घर के बाहर बारे में सोया था. आज रविवार की सुबह जब उसकी बेटी सुषमा उसे उठाने पहुंची तो वहां अपने पिता को खून से लथपथ हुए देखा. सुषमा की चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी घर से बाहर निकल आए. जब उन्होंने नजारा देखा तो घर में चीख पुकार रोना धोना शुरू हो गया. मामले की सूचना तत्काल ही स्थानीय पुलिस चौकी को दी गई. तुरंत ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. इस बीच सुबह करीब 7 बजे जिला अस्पताल लेकर आए, जहां ड्यूटी रत डॉक्टर ने चेकअप उपरांत मृत घोषित कर दिया. चौकी प्रभारी मनीष यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. मृतक की हत्या पत्थर पटक कर की गई है. प्रथम दृष्टया यह पारिवारिक विवाद का मामला लग रहा है. वहीं सूत्रों का कहना है कि मृतक चुन्नू रैकवार एवं उसके भतीजे के बीच गत दिवस किसी बात को लेकर कहा सुनी हुई थी. संभव है कि उसी ने चुन्नू की हत्या कर दी हो. वहीं सूत्रों का यह भी कहना है कि पुलिस ने संभावित आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है.

Message Us on WhatsApp