
दमोह. जिले के 22 मजदूरों को कर्नाटक के डाबरी गांव में बंधक बनाए जाने का एक वीडियो सामने आया है. यह वीडियो वहां पर बंधक एक मजदूर ने किसी तरह से बना कर एक सरपंच को भेजा है. इसके बाद वह वायरल हुआ है.
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले आदिवासी बाहुल्य ग्राम मोहड़ के करीब दो दर्जन लोग कर्नाटक में बंधकों की तरह काम कर रहे हैं. करीब 1 महीने पहले फैक्ट्री में नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति इन्हें कर्नाटक लेकर गया था. लेकिन अब वहां पर ठेकेदार ने इन मजदूरों को बंधक बना लिया है. उन्हीं में से एक गोपाल सिंह गौड़ नामक एक मजदूर ने किसी तरह एक वीडियो बनाकर मोहड़ के सरपंच को मोबाइल पर भेज दिया. जिसमें उन्होंने अपनी व्यथा बताई. जिसमें मजदूरों ने कहा कि उन्हें बंधक बना लिया गया है और मजदूरी नहीं जा रही है. न ठेकेदार घर वापस जाने दे रहा है और न ही मजदूरी के पैसे दे रहा है. घर वापस जाने की बात करने पर वह जान से मारने की धमकी भी देता है. मामला संज्ञान में आने के बाद प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह के भाई सत्येंद्र सिंह ने तत्काल मामले की जानकारी दमोह पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी को दी तथा शीघ्र मजदूरों को रिहा कराए जाने का आग्रह किया.
*फोन पर मजदूर ने बताई व्यथा*
कर्नाटक में बंदी मजदूर गोपाल सिंह से जब फोन पर संपर्क किया तो उसने बताया करीब एक महीने पहले ही मोहड़ के ही पास के एक गांव बहेरिया का बृजेश नामक एक युवक उन्हें फैक्ट्री में काम दिलाने के नाम पर कर्नाटक ले गया था. 22 मजदूर कर्नाटक गए थे. उनसे कहा गया था कि ₹800 प्रतिदिन के हिसाब से उन्हें भुगतान किया जाएगा. लेकिन यहां पर केवल ₹300 दिन के हिसाब से भुगतान किया गया और अब वह भी नहीं दिया जा रहा है. केवल खाने के लिए भोजन दिया जा रहा है. ठेकेदार न तो घर वापस आने दे रहा है और न उन्हें मजदूरी दे रहा है. जब मजदूरों ने घर वापस जाने की गुहार लगाई तो उसने 5 लाख रुपए की मांग की. गोपाल ने बताया कि कर्नाटक में बीजापुर रेलवे स्टेशन के समीप डाबरी ग्राम है. वहां पर माता का एक मंदिर बना हुआ है वहीं पर खेतों में मजदूरी कराई जा रही है. मजदूर जिंदा रहें केवल इतना ही भोजन उन्हें दिया जा रहा है. मजदूरों ने गुहार लगाई है कि उन्हें जल्दी से जल्द रिहा कराया जाए. इस संबंध में जब पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया से संपर्क करना चाहा तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया.

More Stories
तीन माह के दुधमुहे बच्चे के साथ कुएं में तैरता मिला मां का शव
2 साल की बच्ची और गर्भवती पत्नी के साथ फांसी पर झूला युवक
पुलिस कार्रवाई न होने पर फूटा ब्राह्मण एवं हिंदू संगठनों का गुस्सा