मार्च 17, 2026

नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने एकजुट हुए भाजपा पार्षद

दमोह. दमोह नगर पालिका अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए आज भाजपा के पार्षदों ने कलेक्टर से मुलाकात कर फ्लोर टेस्ट के लिए अपना मांग पत्र सौंपा. कलेक्टर ने मामले की नजाकत को समझते हुए शांति समिति की बैठक भी स्थगित कर दी. 

     कांग्रेस शासित दमोह नगर पालिका पर संकट गहरा गया है. वर्तमान में पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पार्षद वीरेंद्र राय की पत्नी श्रीमती मंजू राय नगर पालिका अध्यक्ष हैं. दो साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है. भाजपा के पार्षदों ने विकास कार्य न होने का आरोप लगाते हुए. कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर से मुलाकात की तथा 20 पार्षदों के पत्र कलेक्टर को सौंपे. गौर तलब है कि त्रिशंकु नगर पालिका में कांग्रेस ने भाजपा की फ़ूट का फायदा उठाते हुए अपना अध्यक्ष बनवा लिया था. दमोह नगर पालिका में कुल 39 वार्ड पार्षद हैं. इनमें से 17 कांग्रेस, 14 भाजपा के, 5 टीम सिद्धार्थ मलैया के ( जिनकी बाद में भाजपा में वापसी हो गई ) तथा तीन निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे. इनमें से एक पार्षद हिना पारोचे ने भाजपा ज्वाइन कर ली. नगर पालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा में घुसपैठ की थी तथा अध्यक्ष पद के चुनाव में 25 मत लेकर भाजपा प्रत्याशी विक्रांत गुप्ता को चुनाव हराया था. इसी तरह उपाध्यक्ष पद के लिए श्रीमती सुषमा विक्रम सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के प्रत्याशी मनीष शर्मा को मत एक से पराजित किया था. नियम के अनुसार 2 साल पूरे होने के बाद अब अविश्वास प्रस्ताव के लिए भाजपा के पार्षद एकजुट नजर आ रहे हैं. जिन 20 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए अपना समर्थन पत्र दिया है उनमें विजय जैन, मनीष शर्मा, नितिन चौरसिया* विक्रांत गुप्ता, हिना पारोचे, कविता राय, गणेश जाटव, कपिल सोनी*, विक्की सेन*, अमित त्यागी, रघु श्रीवास्तव, कीर्ति चंदेल, गोपाल ठाकुर, सुनैना धीरज घारू, संगीता सतीश जैन, बालकिशन यादव, सुहानी टोनी राय*, नमिता राजपूत*,शरद कुमारी यशपाल ठाकुर, संजय चेतराम पटेल पटेल शामिल हैं. कलेक्टर से मुलाकात के बाद पार्षदों ने अपना बयान जारी किया है. धर्मपुरा से पार्षद शरद कुमारी यशपाल ठाकुर ने कहा कि 2 साल हो गए हैं. दमोह में कोई भी विकास कार्य नहीं हुआ है. पहली बार ऐसा हुआ है कि इस बारिश में एसडीआरएफ की टीम को शहर में नाव चला कर लोगों का रेसक्यू  करना पड़ा. बिजली पानी, सड़क, सफाई सभी तरह की व्यवस्थाएं चरमराई हुई है. इसलिए हमने तय किया है कि ऐसे अध्यक्ष को बदल देना चाहिए जो शहर का विकास न कर सके. हम जनता के द्वारा निर्वाचित प्रतिनिधि हैं और जनता को जवाब हमें ही देना है. पार्षद विक्रांत गुप्ता ने कहा की हम लोगों ने कलेक्टर को अविश्वास प्रस्ताव के लिए पत्र दिया है. दमोह नगर पालिका में भ्रष्टाचार का एक ऐसा उदाहरण है जिसमें अध्यक्ष का नाम स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा. अव्यवस्था की बात होगी तो इन्हें याद किया जाएगा. सारी व्यवस्थाएं चौपट हैं. सारे पार्षद परेशान हैं. कोई भी विकास कार्य नहीं हो रहे हैं. ऐसी नगरपालिका से जनता त्रस्त है. इसलिए सारे पार्षदों में निर्णय लिया है कि इनको हटाना ही नगर और जनता के हित में है. इस मामले में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर का कहना है कि भाजपा पार्षदों ने अपने पत्र सौंपे हैं. जो भी विधि संगत कार्रवाई होगी की जाएगी.

Message Us on WhatsApp