मार्च 17, 2026

मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतरे, तीन गाड़ियां निरस्त, आधा दर्जन के मार्ग बदले

दमोह. असलाना स्टेशन के पास एक मलगाड़ी पटरी से उतर गई. इस घटना में गार्ड और ड्राइवर दोनों बाल-बाल बच गए. हालांकि इसके कारण यात्री गाड़ियों का आवागमन भी प्रभावित हो गया है. अभी रेलवे की टीम सुधार कार्य में लगी हुई है.

   कटनी से बीना की ओर जा रही एक मालगाड़ी के आठ डिब्बे असलाना स्टेशन से करीब 1 किलोमीटर दूर मोहनपुर गांव के निकट पटरी से उतर गए. हादसा इतना बड़ा है कि बेपटरी हुए गाड़ी के तीन डिब्बे अप और पांच डिब्बे डाउन ट्रैक के दूसरी तरफ पहुंच गए. कुछ कुछ डिब्बे पूरी तरह से पलट गए और उन में भरा हुआ कोयला भी नीचे गिर गया. तो एक दो डिब्बों की हालत ऐसी है कि उनके पहियों ने बोगी को छोड़ दिया और वह पटरी से उतरकर गिट्टी पर आ गए. बताया जाता है कि जब यह हादसा हुआ उस दौरान इतनी जोर से आवाज आई कि आसपास उपस्थित लोग सहम गए. हालांकि इस घटना में लोको पायलट और गार्ड दोनों ही बाल बाल बच गए. गाड़ी बेपटरी होने के कारण बीना से चलकर कटनी की ओर जाने वाली दानापुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा. क्योंकि दोनों ट्रैक पर कोयला और डिब्बे होने के कारण आवागमन बंद हो गया. जैसे ही असलाना स्टेशन मास्टर डिब्बे ट्रैक से उतरने की सूचना मिली उन्होंने बिना देर किए ही वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया दमोह एवं सागर से अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंच गई. फिलहाल घटना कैसे हुई इसका कारण अज्ञात है. रेलवे के अधिकारी इस संबंध में कुछ भी नहीं कह पा रहे हैं. उनका सिर्फ इतना ही कहना है कि रेल प्रशासन मामले की जांच करेगा कि आखिर गाड़ी डिरेल कैसे हुई  ? क्या सिग्नल की समस्या थी या फिर किसी और कारण से डिब्बे पटरी से उतरे हैं. सुधार कार्य किया जा रहा है.

रेलवे के ट्रैफिक इंचार्ज जेएस मीणा ने बताया कि एक गाड़ी असलाना से निकलते ही बेपटरी हो गई. जिसके कारण डिब्बे पलट गए हैं. यातायात प्रभावित है सुधार कार्य किया जा रहा है. पश्चिम मध्य रेलवे ने मामले में अपने एक हैंडल पर गाड़ी बेपटरी होने की सूचना तो नहीं दी लेकिन कुछ गाड़ियों को निरस्त कर दिया गया तो कुछ गाड़ियों की मार्ग परिवर्तित करने की सूचना जारी की है इनमें बीना दमोह कटनी बीना तथा विंध्याचल एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया है इसके साथ ही रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है तो दूसरी तरफ जबलपुर निजामुद्दीन, सिंगरौली निजामुद्दीन, निजामुद्दीन दुर्ग, रानी कमलापति संतरागाछी एक्सप्रेस, दुर्गा उधमपुर जबलपुर निजामुद्दीन तथा जबलपुर अजमेर एक्सप्रेस गाड़ियों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं.

Message Us on WhatsApp