
दमोह. लगातार बारिश से रास्ता बंद होने के कारण एक महिला प्रसव पीड़ा से कराहती रही. एंबुलेंस नाला पार नहीं कर सकी और उसे वापस लौटना पड़ा. तो दूसरी तरफ एसडीआरएफ की टीम और ग्रामीणों ने महिला को खाट पर लिटाकर नाला पार कराया तथा अस्पताल में दाखिल कराया.
लगातार बारिश के कारण लोगों को पानी की समस्या और गर्मी से तो राहत मिल गई लेकिन अब यही बारिश और पानी लोगों के लिए समस्या भी बन गया है. नदी नाले लगातार उफान पर हैं. रास्ते बंद हो गए हैं. एक गांव का दूसरे गांव से सड़क संपर्क कट गया है. ऐसे में लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. ताजा मामला हटा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम पाटन का है. यहां पर एक महिला गीता यादव को प्रसव पीड़ा हुई तो परिजनों ने जननी सुरक्षा एंबुलेंस के लिए फोन लगाया. एंबुलेंस पहुंची लेकिन तब तक बारिश के कारण पाटन गांव से मुख्य मार्ग को जोड़ने वाला लमती नाला उफान पर आ गया. एंबुलेंस को महिला को लिए बगैर ही वापस लौटना पड़ा. इसके बाद सोशल मीडिया पर स्थानीय लोगों ने जानकारी वायरल की. तब तुरंत ही कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने मामले को संज्ञान में लेते हुए हटा एसडीएम राकेश मरकाम तथा एसडीआरएफ की टीम को तुरंत ही मौके पर रवाना करके महिला को गांव से बाहर लाकर अस्पताल में दाखिल करने की निर्देश दिए. इसके बाद एसडीआरएफ की टीम और एसडीएम मौके पर पहुंचे. वहां पर उन्होंने ग्रामीणों की मदद से बांस की एक चारपाई तैयार करवाई तथा महिला को उसे पर लिटाया और एसडीआरएफ के साथ ग्रामीणों ने उफान पर आए नाला को किसी तरह धीरे-धीरे पार करके महिला को सड़क के दूसरी तरफ लेकर आए. उसके बाद एम्बुलेंस महिला को मड़ियादो के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर भर्ती कराया. एसडीएम राकेश मरकाम ने बताया कि सोशल मीडिया और पत्रकारों के माध्यम से जानकारी मिली थी कि महिला प्रसव पीड़ा से कराह रही है. इसके बाद तत्काल ही एसडीआरएफ की टीम और वह स्वयं भी मौके पर पहुंचे. किसी तरह महिला को चारपाई पर लिटा कर नाला पार कराया गया. हम लगातार नजर बनाए हुए हैं. महिला अस्पताल में भर्ती है और उसकी स्थिति पहले से बेहतर है. उपचार भी चालू है.


More Stories
2 साल की बच्ची और गर्भवती पत्नी के साथ फांसी पर झूला युवक
पुलिस कार्रवाई न होने पर फूटा ब्राह्मण एवं हिंदू संगठनों का गुस्सा
साला एक भी नहीं बताता बम कहां फूटने वाला है: पूर्व विधायक …..देखें वीडियो