मार्च 17, 2026

मुख्यमंत्री मोहन यादव आएंगे आज लाडली बहनों को देंगे बड़ी सौगात

दमोह. प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज दोपहर में दमोह जिले की जबेरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जबेरा आएंगे. वह यहां पर लाडली बहनों को एक बड़ा तोहफा देने के लिए आ रहे हैं.
जबेरा की स्थानीय कृषि उपज मंडी प्रांगण में वह लाडली बहनों के लिए 450 रुपए में सिलेंडर देने की योजना का शुभारंभ करेंगे. इसके साथ ही वह रक्षा बंधन पर्व के पूर्व बहनों की लिए 250 रुपए अतिरिक्त राशि भी प्रदान करेंगे. अभी तक लाडली बहनों को 1250 रुपए की राशि हर महीने दी जा रही है. श्री यादव इस राशि को बढ़ाकर ₹1500 के रूप में प्रदेश भर की बहनों को देंगे. श्री यादव के आगमन के पूर्व जिले के दोनों मंत्रियों धर्मेंद्र सिंह लोधी एवं लखन पटेल सहित दोनों विधायकों एवं जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया तथा सभी तैयारियां का जायजा लिया. लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो इसके लिए व्यापक बैठक एवं पार्किंग व्यवस्था की गई है. संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि प्रदेश के मुखिया आज हमारे यहां आ रहे हैं. वह लाडली बहनों को एक बड़ी सौगात देंगे. यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है. पशुपालन मंत्री लखन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. भाजपा के कार्यकर्ताओं सहित क्षेत्र की आम जनता, सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वह कार्यक्रम में पहुंचे और मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को सुने, आमजन के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लें. इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री यादव कुछ अन्य नई घोषणाएं भी दमोह जिले के लिए कर सकते हैं. जिसमें प्रमुख मार्गो के निर्माण की घोषणा शामिल हो सकती है. गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व ही संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने पीडब्ल्यूडी मंत्री को जबलपुर दमोह मार्ग का निर्माण करने तथा अन्य मार्गों के उन्नयन के लिए पत्र लिखा था. भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रीतम लोधी, मीडिया प्रभारी राघवेंद्र सिंह परिहार, सह मीडिया प्रभारी महेंद्र जैन सहित सभी कार्यकर्ताओं ने सभी से कार्यक्रम में उपस्थिती की अपील की है.

Message Us on WhatsApp