मार्च 17, 2026

गोली और धारदार हथियारों से बांसा तारखेड़ा में पिता, पुत्र और भतीजे की हत्या

दमोह. जिले के ग्राम बांसा तारखेडा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां पर तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोपी फरार है. मरने वालों में एक होमगार्ड का जवान शामिल है.
दमोह जिले में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर पुलिस का कोई नियंत्रण नहीं है. लिहाजा रोजाना अपराध के कई मामले सामने आ रहे हैं. ताजा मामला जिला मुख्यालय से 11 किलोमीटर दूर दमोह सागर हाईवे पर ग्राम बांसा तारखेडा में सामने आया है. यहां पर तीन लोगों की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना का कारण अज्ञात है. लेकिन प्राथमिक तौर पर जो जानकारी सामने आई है उसमें पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है. बताया जाता है कि होमगार्ड सैनिक रमेश विश्वकर्मा, विक्की विश्वकर्मा तथा उमेश विश्वकर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. मरने वालों में उमेश विश्वकर्मा रमेश विश्वकर्मा का बेटा तो विक्की विश्वकर्मा सगा भतीजा है. दो को बेरहमी से भरे बाजार में मार दिया गया. जबकि होमगार्ड सैनिक को घर के बरामदे में ही गोली मारी गई है. पुलिस के अनुसार यह भी जानकारी सामने आई है कि कुछ दिन पूर्व ही पारिवारिक कारणों को लेकर पीड़ितों और आरोपितों के बीच विवाद हुआ था. बाजार और घर के अलावा तीन घटनास्थल बताई जा रहे हैं घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक श्रुत कीर्ति सोमवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा सहित तमाम आला अधिकारी बांसा पहुंच गए हैं. पुलिस मामले की पूरी जानकारी ले रही है. पूरे बांसी ग्राम को छावनी में तब्दील कर दिया गया है. आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है. पुलिस ने फिलहाल घटना की कोई जानकारी और आरोपियों के नाम साझा नहीं किए हैं. गौरतलब है कि इसी बांसा ग्राम से महज 2 किलोमीटर दूर पथरिया विधानसभा के अंतर्गत आने वाले ग्राम देवरान में भी पौने दो साल पहले दीपावली की दोज पर एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उसके बाद ग्राम बरखेड़ा में कुछ दिन बाद ही दो शुक्ला बंधुओं की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी. और यह अब तीसरा बड़ा मामला पुलिस के लिए चुनौती बन गया है.

Message Us on WhatsApp