
दमोह। गांधी जयंती समारोह के अवसर पर डाइट भवन का छत गिर गया। गनीमत रही इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। घटना के दौरान बच्चे और अधिकारी कक्ष में मौजूद थे।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं जय जवान जय किसान का नारा देने वाले पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिले के हटा ब्लॉक में एक बड़ा हादसा होते होते बच गया। दरअसल हटा में स्थित डाइट संस्थान के सभाकक्ष में दोनों महात्माओं की जयंती का कार्यक्रम चल रहा था। जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे और अधिकारी बैठे हुए थे। कुछ जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद थे। इसी दौरान सभा कक्ष की छत का प्लास्टर और गिट्टी भरभरा कर नीचे गिरने लगी। इससे पहले की कोई छात्र अधिकारी या अन्य व्यक्ति घायल होता लोग अपने स्थान से भागकर दूर खड़े हो गए। हालांकि इस घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ। वहीं घटना के बाद डाइट प्राचार्य आरपी विश्वकर्मा का कहना है कि सभा कक्ष में निर्वाचन से संबंधित बैठक चल रही थी। उसी दौरान छठ का प्लास्टर उधड़ कर गिरा है। भवन कब बना था कितनी लागत है और इसके लिए कौन दोषी है। इसकी जानकारी नहीं है।
एक साल में तीसरा मामला
ठेकेदारो द्वारा बनाए जा रहे स्कूल भवन की छप्पर गिरने, उखड़ने का यह पहला मामला नहीं है। इसके पहले भी कई मामले आ चुके हैं। पिछले वर्ष ही फुटेरा हाई स्कूल भवन का छप्पर बारिश शुरू होने के पहले ही जरा सी आंधी में उखड़ करीब 100 मीटर दूर जा गिरा था। उस दौरान स्कूल बंद था अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। ठीक इसी तरह इस बारिश में जबेरा ब्लॉक के एक स्कूल की दीवार और पिलर भरभरा कर गिर गई थी। उस समय भी कक्षा संचालित हो रही थी, लेकिन संयोगवश बच्चे बाल बाल बच गए थे। अब यह तीसरा मामला है जहां यह घटना हुई है। इसके बाद भी प्रशासन द्वारा संबंधित ठेकेदारों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।

More Stories
आखिर क्या है डेढ़ करोड़ का सच ? कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद प्रतिनिधि आमने-सामने
खुदाई में मिला खजाना, हिस्सा न मिलने पर मजदूर पहुंचे कोतवाली
पेशी करके घर लौट रहे पति-पत्नी की सड़क हादसे में मौत