मार्च 17, 2026

रिश्वत लेते रंगे हाथों धरा गया शिक्षा विभाग कर भ्रष्ट बाबू

दमोह। जिला शिक्षा कार्यालय में पदस्थ एक बाबू रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मामला रिटायर्ड शिक्षक की पेंशन प्रकरण बनाने का है।
शिक्षा जैसे पवित्र सेवा कार्य पर धब्बा लगाने वाला एक प्राथमिक शिक्षक आज लोकायुक्त पुलिस के द्वारा रंगे हाथों धरा गया। यह शिक्षक एक अन्य सेवानिवृत्त शिक्षक से पेंशन प्रकरण बनाने के नाम पर ₹5000 की रिश्वत मांग रहा था। बताया जाता है कि प्राथमिक शिक्षक अभिषेक कुमार जैन जिला शिक्षा कार्यालय में कार्यरत है। करीब 9 माह पूर्व सेवानिवृत्त हुए हटा निवासी लक्ष्मी प्रसाद कोरी सेवानिवृत्ति के बाद अपना पेंशन प्रकरण तैयार कराने के लिए बार-बार जिला शिक्षा कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। लेकिन वहां पदस्थ बाबू अभिषेक जैन पेंशन प्रकरण तैयार करने के बदले उससे ₹5000 की मांग कर रहा था। जब सेवानिवृत्त शिक्षक कोरी इस मांग से परेशान हो गया तो उसने मामले की शिकायत सागर लोकायुक्त में की। लोकायुक्त ने कर्मचारी को रंगे हाथों धरने के लिए जाल बिछाया और जिसमें वह आज फस गया। जब वह ₹5000 ले रहा था उसी दरमियान लोकायुक्त ने उसे ट्रैप कर लिया। पीड़ित लक्ष्मी कोरी ने बताया कि पहले अधिक रिश्वत मांगी जा रही थी। 9 माह से लगातार यही चल रहा था। जब मैं परेशान हो गया तो ₹5000 में बात टूट गई। मैं बहुत परेशान था। नई पेंशन भी मुझे मात्र 16 या 17 सौ रुपए मिलना है। मैं रिश्वत के इतने पैसे कहां से देता। जब परेशान हो गया तो लोकायुक्त का सहारा लिया। इस कार्रवाई से खुश हूं। यदि यह कार्रवाई नहीं होती तो मुझे मरना पड़ता।
वहीं इस मामले में लोकायुक्त निरीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया की लक्ष्मी प्रसाद कोरी हटा निवासी से अभिषेक जैन द्वारा 5000 रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद हमने उसका सत्यापन किया और आज अभिषेक जैन को रिश्वत लेते हुए पकड़ा। उसके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
पूरे मामले में रोचक तथ्य यह है की अभिषेक जैन पहले से ही एक मामले में निलंबित चल रहा है। लेकिन उसके बाद भी उसे नियम विरुद्ध तरीके से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पेंशन जैसी महत्वपूर्ण शाखा देख कर रहा था। अब यह मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार नेमा किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।

Message Us on WhatsApp