September 10, 2026

खेत में लहलहा रही थी गांजे की फसल, करोड़ों का गांजा बरामद

दमोह। पथरिया के एक गांव से आज भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक ट्राली हरा गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फरार है।
भगवती मानव कल्याण संगठन द्वारा नशा मुक्ति के तहत चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत आए दिन अवैध शराब तो पकड़ी ही जाती है, लेकिन आज पथरिया के एक गांव से संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक ट्राली हरा गांजा बरामद किया है। बताया जाता है कि पथरिया ब्लाक के अंतर्गत आने वाले बौतराई मौजा में एक खेत में गांजे की हरी भरी फसल खड़ी हुई है। सूचना पाकर भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ता तुरंत ही बताएं स्थान पर पहुंच गए और उन्होंने मामले की सूचना तुरंत ही पथरिया थाना प्रभारी को दी। संगठन ने बताया कि पारस लाल गडरिया के खेत में यह पेड़ लह लहा रहे थे। जिनकी ऊंचाई करीब 5 फीट से भी अधिक थी। कार्यकर्ताओं ने 50 पेड़ उखाड़ कर उन्हें ट्राली में लोड कराया। इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस के हाथ एक बड़ा मामला आया है। संगठन से जुड़े राघवेंद्र राठौर ने बताया कि प्रत्येक पेड़ का वजन करीब 30 किलो और उससे अधिक होने का अनुमान है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितने बड़े पैमाने पर गांजे की खेती की जा रही थी। सभी पेड़ों का 4 क्विंटल 50 किलो से अधिक आंका गया है। सभी पेड़ों को जड़ से उखाड़ दिया गया है। जबकि खेत मालिक पारस लाल गडरिया सूचना मिलते ही फरार हो गया। संगठन के पदाधिकारी खिलान पटेल ने बताया कि उन्हें मुखबिर के द्वारा सूचना मिली थी की बौतराई और नेंगुआ के बीच में खेतों में गांजा लगा हुआ है। तब संगठन के सदस्य यहां पर आए और पुलिस के साथ संयुक्त रूप से खेत में लगा गांजा बरामद किया। पुलिस की यह कार्रवाई सराहनीय है। आगे भी हमें पुलिस का इसी तरह सहयोग मिलेगा। वहीं पथरिया थाना प्रभारी रजनी शुक्ला का कहना है कि अभी कार्रवाई जारी है। गांजा बरामद कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि दमोह जिला मादक पदार्थों की एक बड़ी मंडी के रूप में जाना जाता है। जिसमें प्रमुख रूप से कई क्विंटल की मात्रा में उड़ीसा से गांजा दमोह लाया जाता है। आए दिन पुलिस के द्वारा गांजा बरामदगी की जाती है। पकड़ा गया गांजा सूखकर चौथाई भाग रह जाता है। यह करीब 1 क्विंटल गांजा रहने का अनुमान है। जिसकी खुले बाजार में कीमत करीब 9 से 10 करोड़ तक होगी।

Message Us on WhatsApp