
दमोह। बहुचर्चित कलू रैकवार हत्याकांड मामले में पुलिस ने हत्या के चार आरोपियों सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी देर रात भोपाल में की गई थी।
बीती 6 मई को नगर के बसोर मोहल्ला में दिनदहाड़े रैकवार समाज के नेता एवं मछली ठेकेदार कलू रैकवार की हत्या करने के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि इस हत्याकांड में पर्दे के पीछे रहकर भूमिका निभाने वाले चार अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी राकेश कुमार सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कलू रैकवार की हत्या पुरानी बुराई के चलते सौरभ वंशकार, दीपक वंशकार, मत्था वंशकार, तथा राहुल यादव ने चाकू एवं गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपियों पर पुलिस ने 10-10 हज़ार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गुड़गांव, दिल्ली, जबलपुर, कटनी इंदौर आदि में सर्च ऑपरेशन चलाया था। लेकिन आरोपी हर बार स्थान बदलते रहे। शनिवार को पुलिस को आरोपियों के भोपाल में छिपे होने की जानकारी मिली। जिसके बाद एक टीम तुरंत ही भोपाल रवाना की गई। वहीं भोपाल पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई। जब भोपाल पुलिस ने संबंधित स्थान पर छापा मारा तो चारों आरोपी पकड़ में आ गए जिन्हें कोतवाली पुलिस दमोह लेकर आ गई।
हत्या के पहले हुई रेकी
इस पूरे मामले में खास बात यह है कि यह मामला पूरी तरह से हाईटेक है। कलू ठेकेदार को मारने के पूर्व हत्यारों के चार अन्य साथियों निक्की बाल्मीक, शिवा रैकवार, अजय उर्फ अज्जू एवं अहफाज खान लगातार कलू ठेकेदार की रेकी कर रहे थे। घटना के 1 दिन पहले 5 मई को भी इन्होंने ठेकेदार को मारने की कोशिश की थी। लेकिन वह इसमें सफल नहीं हो पाए। घटना में शिवा रैकवार ने आरोपियों को कट्टा आदि उपलब्ध कराया था। जबकि निक्की बाल्मीक घटना वाले दिन मृतक कलू ठेकेदार के साथ ही उसकी गाड़ी पर पीछे बैठा हुआ था। जो आरोपियों को पल-पल की सूचना दे रहा था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में अभी तक जो साक्ष्य मिले हैं उसके आधार पर इस हत्याकांड के पीछे कुछ और चेहरे भी सामने आ सकते हैं जिनकी पतासाजी की जा रही है।

More Stories
तीन माह के दुधमुहे बच्चे के साथ कुएं में तैरता मिला मां का शव
2 साल की बच्ची और गर्भवती पत्नी के साथ फांसी पर झूला युवक
पुलिस कार्रवाई न होने पर फूटा ब्राह्मण एवं हिंदू संगठनों का गुस्सा