मार्च 17, 2026

रैकवार समाज के नेता की दिनदहाड़े हत्या, एक के बाद एक तीन गोलियां मारी

दमोह। रैकवार समाज के एक बड़े नेता की आज दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई है। देखते ही देखते शहर में तनाव के हालात निर्मित हो गए। जबकि कुछ देर पहले फ्लैग मार्च निकाला था।
रैकवार समाज के एक बड़े नेता की आज दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। 45 वर्षीय कलू ठेकेदार पुत्र कन्हैया रैकवार अपने एक साथी के साथ बसोर मोहल्ला से गुजर रहा था। उसी दरमियान दो बाइक पर सवार चार लोग जिनमें दो मुंह पर गमछा बांधे हुए थे तथा 2 लोगों के मुंह खुले हुए थे। उन्होंने सबसे पहले कलू ठेकेदार के चेहरे एवं पीठ पर चाकू से हमला कर दिया। इसके साथ ही लगातार एक के बाद एक तीन फायर कर दिए। अपने वाहन पर सवार कलू जैसे ही चाकू लगने से घायल हुआ वह तुरंत ही गाड़ी छोड़कर बसोर मोहल्ला में स्थित बंशकार समाज की धर्मशाला में घुसकर जान बचाने का प्रयास किया लेकिन आरोपियों ने गोली मार दीं। मृतक के शरीर में 3 गोलियां लगने की बात सामने आई है। जिसमें से एक गोली बाए हाथ एवं छाती में तथा दूसरी गोली दूसरे हाथ एवं पेट के पास लगी। घटना के बाद तुरंत ही आरोपी वहां से भाग खड़े हुए।


जैसे ही मृतक के साथियों एवं स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी मिली वह उसे घायल अवस्था में तुरंत ही जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां परीक्षण के उपरांत डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी लगने पर तुरंत ही कोतवाली टीआई विजय राजपूत एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार सिंह जिला अस्पताल पहुंच गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक टीम को घटनास्थल पर रवाना किया गया। घटना के कुछ देर बाद जब अस्पताल में रैकवार समाज एवं अन्य हिंदू संगठनों के लोगों का जमावड़ा शुरू हुआ तो एसपी भी मौके पर पहुंच गए एवं घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि कलू ठेकेदार नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। तीन से चार लोगों की घटना में शामिल होने की बात सामने आई है। जिसमें से 3 लोगों की शिनाख्त कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के संबंध में उन्होंने कुछ भी खुलासा नहीं किया न ही आरोपियों के नामों का खुलासा किया। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि शीघ्र ही सभी आरोपी पुलिस हिरासत में होंगे।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष कलू ठेकेदार पर जिला बदर की कार्रवाई की गई थी। उसने फुटेरा वार्ड नंबर 5 से चुनाव भी लड़ा था। लेकिन कांग्रेस से पराजित हो गया था। पूरे मामले में ताज्जुब की बात यह है कि जहां पर इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया उससे महज 100 कदम की दूरी पर मुख्य मार्ग से पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5 मिनट पूर्व ही फ्लैग मार्च निकाला था। अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हैं इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शहर में चाकूबाजी, लोगों को डराने धमकाने के साथ ही गोली मारने की घटना क्रम रोज सामने आ रहे हैं।

Message Us on WhatsApp