July 16, 2026

परिवार की खुशियां मातम में बदली, लड़की देखने जा रहे एक ही परिवार के 2 लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत, 4 घायल

दमोह। लड़की देखने जा रहे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गई जब दो लोगों की कार दुर्घटना में मौत हो गई। चार अन्य दुर्घटना में घायल हो गए। मामला इमलिया चौकी क्षेत्र का है।
इस समय शादी विवाह का दौर जोरों पर है। हर कोई चाहता है कि उनके घर में योग्य लड़का लड़की की शादी जल्दी हो जाए। लेकिन यह जल्दबाजी कभी-कभी घातक भी सिद्ध हो जाती है। ताजा मामला तेजगढ़ थाना क्षेत्र की इमलिया चौकी अंतर्गत ग्राम लकलका का है। यहां एक कार पेड़ से टकरा गई। जिससे कार में सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि 4 अन्य लोग घायल हो गए। बताया जाता है कि ग्राम लकलका के यादव परिवार के 5 लोग लड़की देखने के लिए एक कार से ग्राम बनवार जा रहे थे। लेकिन गांव से करीब 2 किलोमीटर चलने के उपरांत ही कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई। जिससे ड्राइवर सहित यादव परिवार के सभी छ:ह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी लगते ही इमलिया चौकी प्रभारी आनंद अहिरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने घायल गया प्रसाद यादव एवं हल्लू यादव को परीक्षण के उपरांत मृत घोषित कर दिया। जबकि सभी चारों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया।


चौकी प्रभारी आनंद अहिरवार ने बताया कि यादव परिवार के 5 लोग एक कार से लड़की देखने के लिए बनवार जा रहे थे लेकिन गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर कार पेड़ से टकरा गई जिससे ड्राइवर सहित सभी 6 लोग घायल हो गए उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
वाहन मालिक पप्पू जैन ने बताया कि उनकी ओमनी कार से यादव परिवार के लोग बनवार जा रहे थे। तभी घर से करीब 2 किलोमीटर दूर ही यह हादसा हो गया। जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और 4 लोग घायल हुए हैं।

Message Us on WhatsApp