मार्च 17, 2026

दोहरे हत्याकांड में फूटा ब्राह्मणों का गुस्सा, केंद्रीय मंत्री और प्रशासन को लिया आड़े हाथ

दमोह। 15 दिन पूर्व हिनौता घाट में हुए दोहरे हत्याकांड के विरोध में आज ब्राह्मण समाज का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने विशाल जुलूस निकालकर केंद्रीय मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की तो कलेक्टर को भी खूब खरी-खोटी सुनाई।
बीती 28 फरवरी को पथरिया विधानसभा के ग्राम हिनौता घाट में दो बुजुर्ग ब्राह्मण भाइयों की हत्या को लेकर अब तक कोई कार्रवाई न किए जाने पर ब्राह्मण समाज का आज गुस्सा फूट पड़ा। गौरतलब है कि जमीनी विवाद को लेकर हिनौता घाट में लोधी समुदाय के 6 लोगों ने मिलकर 2 बुजुर्गों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के दूसरे दिन परिजनों ने मृतकों का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया था। परिजनों की मांग थी कि पहले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए तथा उनके अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाया जाए। जिला प्रशासन के आश्वासन के बाद किसी तरह परिजन एवं ब्राह्मण समाज के लोग अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए थे। लेकिन घटना के 15 दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी और न ही उनके अवैध कब्जों को गिराया गया। जिसके विरोध में आज ब्राह्मण समाज द्वारा एक विशाल विरोध जुलूस निकालकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया गया। जुलूस में दमोह जिले के अलावा सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, जबलपुर, कटनी सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से ब्राह्मण शामिल हुए। जुलूस में लोगों ने जिला प्रशासन के साथ ही प्रदेश सरकार एवं केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के खिलाफ भी नारेबाजी कर अपना विरोध प्रदर्शित किया। ज्ञापन लेने पहुंचे कलेक्टर एस कृष्णा चैतन्य को भी गुस्साए लोगों ने खूब खरी-खोटी सुनाई। समाज के लोगों ने कहा कि 6 माह पूर्व जब देवरान में 3 दलितों की हत्या की गई थी तो कलेक्टर के साथ ही कमिश्नर, आईजी, प्रभारी मंत्री तथा केंद्रीय मंत्री तक शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी घटना को निंदनीय बताकर ट्वीट किया था। लेकिन यहां पर शासन, प्रशासन ने दोहरा रवैया अपनाया है। शिवराज सिंह चौहान और कमलनाथ शहर सभी को इतनी पीड़ा थी कि वह शोक संवेदना व्यक्त कर रहे थे लेकिन इधर ब्राह्मणों की हत्या पर यह दोयम दर्जे का व्यवहार क्यों किया जा रहा है। एक भी अधिकारी मृतकों को शोक संवेदना देने नहीं पहुंचा और न ही अब तक उनके अतिक्रमण गिराए गए हैं। आखिर यह दोहरा मापदंड क्यों अपनाया जा रहा है! समाज ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके अतिक्रमण नहीं गिराए गए तो प्रदेश भर में वृहद आंदोलन किया जाएगा।

इस मामले में 2 दिन पूर्व पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार सिंह ने चार आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया था। जिसमें माखन लोधी पुत्र मदन लोधी 10 हजार रुपए, उम्मेद पुत्र मदन लोधी 10 हजार रुपए, मलखान पुत्र मदन लोधी पर 5 हजार रुपए एवं प्रहलाद पुत्र मदन लोधी सभी निवासी ग्राम हिनौताघाट पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। उधर जिला प्रशासन ने विरोध प्रदर्शन को भांपते हुए 1 दिन पूर्व 13 मार्च की तिथि में हत्या के आरोपियों की अवैध अतिक्रमण कराए जाने के आदेश जारी कर दिए।

Message Us on WhatsApp