मार्च 17, 2026

विश्व के सबसे ऊंचे शिखर का लोकार्पण 5 फरवरी को, विरागोदय तीर्थ में एक साथ होंगे 80 पंचकल्याणक

दमोह। विरागोदय तीर्थ पथरिया में आयोजित होने वाले विश्व के सबसे बड़े पंचकल्याणक गजरथ महोत्सव में विश्व के सबसे ऊंचे शिखर का ध्वजारोहण कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। इसमें 300 से अधिक पिच्छीधारी जैन संतों का समागम होगा।
पिछले वर्ष जैन तीर्थ क्षेत्र कुंडलपुर में हुए पंचकल्याणक गजरथ महोत्सव की ही तर्ज पर अब विरागोदय तीर्थ पथरिया में पंचकल्याणक एवं गजरथ महोत्सव होगा। गजरथ महोत्सव अपने आप में अलौकिक होगा।वइस संबंध में आज मुनि बिहसन्त सागर महाराज ने एक प्रेस वार्ता में जानकारी दी। मुनि महाराज ने कहा कि जैसे प्राचीन काल में संतों का समागम होते थे उसी परंपरा को आचार्य विराग सागर जी महाराज ने जीवित किया है। पहला संत समागम राजस्थान में दूसरा झांसी में तो तीसरा आचार्य श्री की जन्मस्थली पथरिया में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गजरथ महोत्सव एवं पंचकल्याणक अधिकतम चार-पांच या 7 दिन के होते हैं लेकिन यह महोत्सव 15 दिन का होगा। इस महोत्सव में एक साथ 80 महोत्सव आयोजित होंगे। यह अपने आप में एक अद्भुत कार्यक्रम है। विरागोदय तीर्थ में तैयार हो रहे विशालकाय मंदिर का शिखर 171 फीट ऊंचा होगा। जो कि विश्व का सबसे ऊंचा शिखर है। यह अपने आप में अकल्पनीय बात है। उन्होंने कहा इस तीर्थ में 80 मंदिर हैं इसलिए 80 पंचकल्याणक होंगे। जो कि विश्व के इतिहास में अभी तक नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा मुख्य प्रतिमा सवा 31 फीट ऊंची होगी। उसके बाद भगवान महावीर एवं भगवान आदिनाथ की प्रतिमा 27-27 फिट की होगी, जो 1 किलोमीटर दूर से ही नजर आएगी। इसी में कमल मंदिर एवं त्रिकाल चौबीसी है कमल की 11 पंखुड़ी में 11 मंदिर है जिसमें भक्त अपने भगवान को विराजमान करेंगे इसी महोत्सव में 14 सौ प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी

100 एकड़ में होगा कार्यक्रम

मुनि महाराज ने कहा कि 100 एकड़ भूमि में कार्यक्रम होगा। इसके अलावा पथरिया की तमाम धर्मशालाएं मकान आदि किराए पर लिए गए हैं। जिसमें श्रावकों के रुकने की व्यवस्था की गई है। इस महोत्सव में 80 इंद्र इंद्राणी, 80 कुबेर तथा 80 भगवान के माता-पिता बनाए जाएंगे।

सीएम सहित अनेक हस्तियों की आने की संभावना

मुनि महाराज ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस संबंध में आज प्रतिनिधिमंडल से बैठक की है। कार्यक्रम में सीएम के अलावा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, ओमप्रकाश सकलेचा, जगदीश देवड़ा, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित देश भर की तमाम हस्तियों को आमंत्रण भेजे गए हैं तथा उनके आने की पूरी संभावना है।

Message Us on WhatsApp