मार्च 17, 2026

पुलिस बोली-सेल्फी लेते वक्त पुल से नीचे गिरा, परिजन बोले यह हादसा नहीं हत्या है

दमोह। बनवार में 60 फीट ऊंचे एक पुल से गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस जहां इसे हादसा बता रही है तो, वहीं परिजनों ने इसे हत्या करार दिया है। मामला नोहटा थाना क्षेत्र का है।
कहते हैं सावधानी हटी दुर्घटना घटी, जी हां यह लोकोक्ति चरितार्थ हुई है बनवार क्षेत्र में। यहां पर नए साल के पहले ही दिन एक युवक 60 फीट ऊंचे नदी के पुल की ग्रिल पर बैठकर सेल्फी ले रहा था, संतुलन बिगड़ गया और सीधा मौत के मुंह में चला गया है। बताया जाता है बनवार-बांदकपुर मार्ग के बीच व्यारमा नदी के 60 फ़ीट ऊंचे सेतु पर सेल्फी लेना युवक के लिए घातक साबित हुआ। सेल्फी लेने के दौरान ही नदी में गिरने से उसकी मौत हो गई. सूचना पर बनवार पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर युवक को नदी के पानी से निकालकर गंभीर रूप से घायल युवक की जान बचाने के लिए तत्काल हंड्रेड डायल से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया लेकिन आनु निवासी 38 वर्षीय कमलेश धनगर को नहीं बचाया जा सका। घायल कमलेश के सिर में आई गंभीर चोट की वजह से उसकी मौत होना बताया गया है। पुलिस ने बताया की मृतक सेल्फी लेने के लिए ग्रिल पर चढ़ा था लेकिन उसका संतुलन बिगड़ गया और सीधा नदी में गिर गया। पुलिस ने फिलहाल में किसी भी तरह की गड़बड़ी और साजिश की आशंका से इंकार किया है। बहरहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।

हादसा नहीं हत्या है

मृतक के बड़े भाई बलीराम धनगर का कहना है कि गांव का ही गोविंद उर्फ विन्दी लोधी उसके भाई को ले गया था तथा उसे बहुत शराब पिलाई और उसके बाद हत्या कर दी। पुलिस का यह आरोप गलत है कि वह सेल्फी लेते वक्त पुल से गिर गया, क्योंकि उसके पास न तो कोई मोबाइल या कैमरा था और न ही उसे चलाना जानता था। यह कोई हादसा नहीं है उसकी हत्या की गई है। यदि भाई पुल पर से गिरा होता तो उसका शव अधिक क्षतिग्रस्त हुआ होता लेकिन यह हत्या के निशान हैं। उसने आरोप लगाया कि उसकी गोविंद लोधी से रंजिश चल रही है कुछ समय पहले उन लोगों ने उसके साथ मारपीट भी की थी। इसी कारण उसने हत्या की है।

जांच करा रहे हैं
वहीं इस मामले में पुलिस अधीक्षक डी आर तेनीवार का कहना है कि पुलिस ने मर्ग कायम किया है। परिजनों का कहना है कि कमलेश की धक्का देकर हत्या की गई है जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि वह सेल्फी लेते वक्त नीचे गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई । थाना प्रभारी से पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं उसकी जांच की जा रही है। यदि हत्या की गई होगी तो प्रकरण दर्ज कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।

Message Us on WhatsApp