मार्च 17, 2026

तिहरे हत्याकांड के बाद दलित संगठनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन, एसपी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

दमोह। देवरान में हुए तिहरे हत्याकांड के बाद गुस्साए सामाजिक संगठनों ने अस्पताल चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर दिया। एसपी की समझाईश के बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।
दबंग विधायक के ग्रह ग्राम क्षेत्र में आज सुबह हुए तिहरे हत्याकांड के विरोध की लपटें उठना शुरू हो गई है। हत्या के बाद शवों की पंचनामा कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम के लिए दमोह लाया गया। जिसके बाद हजारों की संख्या में जुटे अहिरवार समाज, अजाक्स एवं उससे जुड़े संगठनों ने अस्पताल चौराहे पर शवों को रखकर चक्का जाम लगा दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

उधर घटना की जानकारी लगने के तुरंत बाद कमिश्नर मुकेश कुमार शुक्ला एवं आईजी अनुराग कुमार ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिजनों से बात की एवं उन्हें हर संभव कार्रवाई का आश्वासन दिया। इधर चक्का जाम की खबर लगते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। लेकिन प्रदर्शनकारी किसी भी तरह से प्रदर्शन समाप्त करने पर सहमत नहीं हुए। तब एसपी डीआर तेनीवार ने स्वयं ही मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बात की। दरअसल प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, उनके जो भी अवैध कब्जे हैं उन्हें हटाया जाए तथा पीड़ित पक्ष को जो भी शासन द्वारा मुआवजा या राहत राशि है वह प्रदान की जाए। एसपी ने प्रदर्शनकारियों की मांगों और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि घटना में 6 पुरुष एवं एक महिला के शामिल होने की बात प्राथमिक दृष्टया सामने आई है। घटना के मुख्य आरोपी जगदीश पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष आरोपियों को भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिक रूप से जो बात सामने आ रही है उसके मुताबिक आरोपी परिवार की महिला के साथ पीड़ित पक्ष के द्वारा छेड़खानी की बात सामने आई है। उसी के कारण सारा फसाद हुआ है। आरोपियों की गिरफ्तारी एवं उनके कब्जे हटाने के साथ ही जो भी नियमानुसार राशि दी जाएगी। पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ अपना काम कर रही है।
कमिश्नर मिले पीड़ितों से
पीड़ित के परिजनों से मिलने देवरान पहुंचे संभाग आयुक्त मुकेश कुमार शुक्ला ने कहा कि वह एवं आईजी पीड़ित के परिजनों से मिलने आए थे उन्हें सांत्वना दी है तथा हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा पुलिस अपना काम मुस्तैदी से कर रही है इसमें कहीं भी कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

Message Us on WhatsApp