
दमोह। नगर के प्रख्यात समाजसेवी लाल बंधुओं पर ईओडब्ल्यू ने आर्थिक अपराध के एक मामले में प्रकरण पंजीबद्ध किया है। लाल बंधुओं ने जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की है।
हाल ही में 15 अगस्त पर कलेक्टर द्वारा सम्मानित किए जाने के बाद हिंदू संगठनों के निशाने पर आए समाजसेवी लाल बंधुओं पर ईओडब्ल्यू ने आर्थिक अपराध के एक मामले में प्रकरण पंजीबद्ध किया है। गौरतलब है कि सीआईसीएम के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर अजय लाल तथा उनके बड़े भाई एमआईसीएस के प्रमुख राजकमल डेविड लाल के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
समाज सेवा के रूप में लाल बंधुओं का कारोबार दमोह जिले में ही नहीं बल्कि पूरे भारत में बड़े स्तर पर फैला हुआ है। डॉ विजय लाल स्मृति महाविद्यालय, डॉक्टर विजय लाल बीएड महाविद्यालय, नव जागृति एजुकेशन सोसायटी, बाइबिल कॉलेज, बाल भवन, लाल आईटीआई कॉलेज, मिशन हॉस्पिटल सहित अनेक संस्थाओं के माध्यम से समाज सेवा में कार्यरत लाल बंधुओं के विरुद्ध जमीन की खरीद-फरोख्त के मामले को लेकर लगभग 74 लाख रुपए की आर्थिक गड़बड़ी किए जाने का आरोप है। ईओडब्ल्यू सागर द्वारा 26 सितंबर को धारा 420 तथा 120 के तहत दोनों भाइयों पर दर्ज किया गया है। इस मामले में जमानत के लिए लाल बंधुओं ने आज अतिरिक्त जिला सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन प्रस्तुत किया है।


More Stories
तीन माह के दुधमुहे बच्चे के साथ कुएं में तैरता मिला मां का शव
2 साल की बच्ची और गर्भवती पत्नी के साथ फांसी पर झूला युवक
पुलिस कार्रवाई न होने पर फूटा ब्राह्मण एवं हिंदू संगठनों का गुस्सा