September 10, 2026

भदभदा में नहा रहे तीन बच्चे डूबे, दो को सुरक्षित निकाला, एक की तलाश जारी

दमोह। जिले के भदभदा में 3 बच्चे पानी में डूब गए। जिसमें से दो का रेस्क्यू कर लिया गया है। जबकि कई घंटों बाद भी तीसरा बच्चा अब तक नहीं मिला है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है।
जिले के हटा अनुविभाग के भदभदा क्षेत्र से एक दु:खद घटना सामने आई है। यहां अपने पिता और मामा के साथ सुनार नदी में नहाने गए 3 बच्चे पानी के तेज बहाव में बह गए। जिनमें से 2 बच्चों का सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया है। जबकि तीसरे बच्चे का घंटों बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है।

बताया जाता है कि चंडी जी वार्ड निवासी संजय अहिरवार के यहां बड़ा मलहरा निवासी उसके भांजे अपने पिता के साथ आए हुए हैं। आज शाम प्रशांत पुत्र गंगाराम अहिरवार 13 वर्ष, अंश पुत्र बाबूलाल अहिरवार 10 वर्ष तथा मोहित पुत्र बाबूलाल अहिरवार 7 वर्ष अपने पिता एवं मामा के साथ नहाने के लिए भदभदा गए हुए थे। लेकिन वहां पर पानी के तेज बहाव में तीनों ही बालक बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल ही किसी तरह प्रशांत और अंश को बचा लिया, लेकिन 7 वर्षीय मोहित का कोई सुराग नहीं लगा। उधर घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ तथा हटा पुलिस मौके पर पहुंच गई। हटा टीआई एच आर पांडे ने बताया कि करीब 30 लोगों की टीम बालक का पता लगाने के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है। लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा है। जानकार बताते हैं कि तेज बहाव में बच्चा दूर कहीं वह गया होगा। इसीलिए उसका कोई पता नहीं लग पा रहा है। वहीं परिजन किसी अनिष्ट की आशंका से चिंतित हैं। दरअसल सुनार नदी में इस समय लगातार बारिश के कारण बहुत तेज बहाव लगातार बना हुआ है लेकिन इसके बाद भी दो भदभदा में जाकर पिकनिक मनाने एवं नहाने से नहीं मान रहे हैं लिहाजा आज यह घटना घटित हुई। जबकि सुरक्षित रेस्क्यू किए गए दोनों बच्चों को उपचार के लिए हटा सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां से उन्हें दमोह रेफर कर दिया गया है। शाम को अंधेरा हो जाने के कारण रेस्क्यू टीम को भी सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आ सकती हैं संभव है उन्हें रात में सर्च ऑपरेशन रोकना भी पड़ सकता है।

Message Us on WhatsApp