मार्च 17, 2026

बाढ़ बाढ़ का पानी देखने गया युवक सुनार नदी में बहा, 12 घंटे बाद भी नहीं लगा सुराग

दमोह। लगातार बारिश के कारण सुनार नदी में आई बाढ़ में एक युवक बह गया। 12 घंटे बाद भी कुछ पता नहीं चला है।
पहाड़ी अंचलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण नदियां अपने उफान पर हैं। कई जगह ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है जिससे लोग परेशान हैं। इसी बारिश के कारण शुक्रवार की देर शाम एक युवक सुनार नदी में बह गया। बताया जाता है कि राजू आठ्या पुत्र मोती आठ्या 23 वर्ष निवासी ग्राम धौराज अपने साथियों के साथ चकेरी और हिंगवानी के बीच सुनार नदी पर बने पुल पर पानी देखने गया था। वह पुल के बीच में ही खड़ा हुआ था। लेकिन अचानक से नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव के कारण वह भी उसी में बह गया। जैसे ही युवक बहा तब उसके साथियों ने ग्रामीणों और परिजनों को इसकी सूचना दी। ग्राम के ही कुछ गोताखोरों ने पानी में उतर कर उसे खोजने की कोशिश की लेकिन उसका कुछ भी सुराग नहीं मिला। तब इसकी सूचना पुलिस को दी गई लेकिन रात हो जाने के कारण पुलिस भी कुछ नहीं कर सकी। ग्रामीणों ने संभावना व्यक्त की है कि युवक बह कर हटा तरफ पहुंच गया होगा। उधर हटा पुलिस को मामले की सूचना दी गई लेकिन वहां पर भी युवक का कोई सुराग नहीं लगा। युवक को खोजने के लिए एसडीआरएफ की टीम भेजने की तैयारी की गई है।

Message Us on WhatsApp