September 10, 2026

ये कैसा हैवान पिता है जिसने अपने ही बेटे का हाथ कुल्हाड़ी से काट दिया

दमोह। जिले के पथरिया थानांतर्गत एक ग्राम में एक पिता ने अपने ही बेटे का कुल्हाड़ी से हाथ काट दिया। घायल को गंभीर अवस्था में अस्पताल मे दाखिल कराया गया है।
जिले के पथरिया थाना क्षेत्र की जेरठ चौकी अंतर्गत ग्राम बोबई में एक दिल दहलाने वाला घटनाक्रम सामने आया है। गुरुवार की दोपहर एक पिता ने अपने पुत्र का कुल्हाड़ी से हाथ काट दिया। जेरठ चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि ग्राम बोबई निवासी मोतीलाल काछी और उसके पुत्र संतोष काछी के बीच घरेलू बातों को लेकर विवाद हो गया था। बातों ही बातों में विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्साए पिता मोतीलाल काछी ने कुल्हाड़ी उठाई और अपने 25 वर्षीय पुत्र संतोष काछी पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के जोरदार वार से संतोष का हाथ कोहनी के पास से अलग हो गया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मोतीलाल ने मौके से कटे हुए हाथ को उठाया और एक हाथ में कुल्हाड़ी लेकर सड़क पर आ गया। गांव वालों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सड़क पर घूम रहे 50 वर्षीय मोती लाल काछी को पकड़ लिया। घटना में घायल संतोष को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

Message Us on WhatsApp