मार्च 17, 2026

पूर्व विधायक को जान से मारने का प्रयास, तेंदूखेड़ा थाने में दर्ज कराई शिकायत

दमोह। जबेरा से पूर्व कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह पर आज कुछ लोगों ने जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। उन्होंने मामले की शिकायत तेंदूखेड़ा थाना एवं पाटन में दर्ज कराई है। मामला पंचायत चुनाव से जुड़ा हुआ है।
पंचायत चुनाव को लोगों ने इस कदर प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है कि किसी पर हमला करने या क्षति पहुंचाने से परहेज नहीं करते हैं। ताजा मामला जबेरा विधानसभा से निकल कर सामने आया है। यहां से कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रताप सिंह ने तेंदूखेड़ा थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया कि आज जनपद पंचायत चुनाव के दौरान वह निर्वाचन केंद्र गए थे। उसी दरमियान तारादेही निवासी छप्पन सिंह ने गालियां दी तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह बगैर प्रतिकार किए जब अपनी गाड़ी में बैठकर इमलीडोल वाया 27 मील के रास्ते पाटन जाने लगे तभी काले रंग की कार में सवार लोगों ने उनका पीछा किया। उन्होंने बड़ी टेक पर कार के आगे कार लगा दी। साथ ही एक अन्य सफेद रंग की स्कॉर्पियो में से चार पांच लोग लाठी लेकर निकले तथा मारने का प्रयास किया। तब पूर्व विधायक के कार चालक ने तेजी से कार चलाते हुए बाजू से निकाली एवं टोल प्लाजा पहुंच गए। वहां पर टोल गेट बंद होने के कारण कुछ समय के लिए रुकना पड़ा तभी छप्पन सिंह का बेटा संतोष तथा उसके दो साथी पतलोनी निवासी शिवाजी लोधी एवं हरदुआ हाथी घाट निवासी संग्राम सिंह ने पीछे से खड़ी कार में टक्कर मार दी। वह सभी कार में से हथियार लेकर मारने के लिए बाहर निकले। तब तुरंत ही पूर्व विधायक के कार चालक ने गाड़ी ले जाकर पाटन थाने में खड़ी कर दी एवं पुलिस की अभिरक्षा में पहुंच गए। वहां पर भी घटना की शिकायत दर्ज कराई एवं सुरक्षा की मांग की।
एफबी पर लाइव चलाया
शिकायत में पूर्व विधायक ने बताया कि शिवाजी लोधी ने मेरा पीछा करने के दौरान फेसबुक पर पूरी घटना को लाइक भी चलाया है। जिसकी कॉपी पेन ड्राइव में सेव की हुई है। लाइव कॉपी को पूर्व विधायक पुलिस को बतौर साक्ष भी सौंपा है।
Message Us on WhatsApp