मार्च 17, 2026

पलक झपकते ही चोर ने पार किया 8 लाख रुपए से भरा बैग, घटना सीसीटीवी में कैद

पीड़ित रोहित असाटी

दमोह। गल्ला व्यापारी द्वारा भुगतान के लिए बैंक से निकाले गए 8 लाख रुपए एक अज्ञात चोर ले उड़ा। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

कहते हैं कि सावधानी हटी नहीं कि दुर्घटना घटी। ऐसा ही कुछ आज दोपहर एक गल्ला व्यापारी के साथ हो गया। दरअसल ग्राम बकायन निवासी रोहित असाटी एचडीएफसी बैंक रुपए निकालने के लिए गया हुआ था। वहां पर उसने 8 लाख रुपए बैंक से निकाले और उन्हें बैग में रख लिया। जब वह पुरानी गल्ला मंडी स्थित एक गल्ला फर्म में मूंग का भुगतान लेने के लिए गया तभी वहां पर किसी लड़के ने देखते ही देखते रुपयों से भरा बैग पार कर दिया। जब युवक ने व्यापारी से भुगतान में मिले रुपए बैग में रखने के लिए हाथ बढ़ाया तो बैग वहां से गायब था। उसे जैसे ही आभास हुआ कि कोई रुपयों से भरा बैग लेकर चंपत हो गया है तो तत्काल ही यहां वहां देखा तथा घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने खंगाले फुटेज
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने सबसे पहले बैंक तथा संबंधित फर्म में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जिसमें से गल्ला व्यापारी को फर्म की फुटेज में एक युवक बैग चुराते हुए नजर आ गया। पुलिस ने तत्काल ही संभावित स्थलों पर अपने दबिश दी तथा अज्ञात युवक की पूछताछ की जा रही है लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस ने बताया कि बैंक का फुटेज भी देखा है जिससे यह पता लगाने में आसानी हो कि क्या बैग चुराने वाला व्यक्ति पहले से व्यापारी की रेकी कर रहा था या फिर अचानक ही उसने व्यापार पार कर दिया।
कैसे हुआ बैग पार
रोहित असाटी ने बताया की उसने गल्ला मंडी स्थित व्यापारी को मूंग भेजी थी उसी का भुगतान लेने के लिए वह दमोह आया हुआ था साथ ही वो खुद भी गली का व्यापार करता है इसलिए वह बैंक से रुपए निकाल कर लाया था लेकिन उसे मिलने वाली भुगतान की राशि में कुछ समय लग रहा था इसलिए वह वहीं पर खड़ा हो गया लेकिन इसी बीच किसी ने पलक झपकते ही बैग पार कर लिया।

Message Us on WhatsApp